खालिस्तान समर्थक अलगाववादी नेता गुरपतवंत सिंह पन्नून की हत्या की साजिश के मामले में अमेरिका ने जिस विकास यादव पर आरोप लगाए हैं, उसे दिल्ली पुलिस ने जबरन वसूली के मामले में पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
विकास यादव को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 18 दिसंबर 2023 को रोहिणी निवासी की शिकायत पर गिरफ्तार किया था। शिकायतकर्ता ने यादव पर जबरन वसूली, अपहरण और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से संबंध होने के आरोप लगाए थे। आरोप था कि यादव ने शिकायतकर्ता को एक फ्लैट में ले जाकर धमकाया और उसकी सोने की चेन और नकदी छीन ली थी।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, शिकायतकर्ता ने बताया कि विकास यादव ने उसे दुबई में बसे एक व्यक्ति की साजिश के तहत मारने की धमकी दी थी। शिकायत पर यादव और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया और उन पर हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश और अपहरण समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया। यादव को मार्च 2024 में अंतरिम जमानत मिली और अप्रैल में नियमित जमानत पर रिहा कर दिया गया।
अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, विकास यादव पर खालिस्तान समर्थक पन्नून की हत्या की साजिश और धन शोधन के आरोप लगे हैं। अभियोजकों का दावा है कि यादव भारत की विदेशी खुफिया सेवा रॉ से जुड़ा था और उसने भाड़े के अपराधियों की मदद से हत्या की साजिश रची थी। अमेरिका ने यादव को फरार घोषित किया है और उसकी गिरफ्तारी की मांग की है।