प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी अपनी चुनावी शुरुआत करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री लालू यादव और नीतीश कुमार पर लगातार निशाना साधते हुए अपनी रणनीति को आगे बढ़ाया है।
इन सबके बीच, निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने प्रशांत किशोर और उनकी जन सुराज पार्टी पर जोरदार हमला किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि “जितने लुटेरे IAS और IPS हैं, उन्हें कोर टीम कह रहे हैं।” पप्पू यादव ने कहा कि कुछ लोग सामाजिक ज्ञान से वंचित हैं और उन्हें लगता है कि हर चीज पैसे पर आधारित है।
पप्पू यादव ने यह भी कहा कि “इनको बिहार के बारे में कुछ पता नहीं है। रिटायर्ड लोगों को बैठा कर कह रहे हैं कि मैं क्रांति करूंगा।” उन्होंने चुनौती दी कि “यदि क्रांति करनी है, तो भ्रष्टाचार रोक कर दिखाएं। आधार कार्ड में नंबर बदलने के लिए 400 रुपये लगते हैं, इसे बदलकर दिखाएं।”
उन्होंने तंज करते हुए सवाल किया, “बाढ़ में आप कहां थे? बाढ़ के दिन पार्टी बना रहे थे और गांधी जयंती पर शराब शुरू करने की बात कर रहे थे। शर्म से मर नहीं गए।” पप्पू यादव ने कहा कि पहले जहरीली शराब पर रोक लगाएं और फिर 51 लोगों को पैसे देकर लाएं। “अरबों रुपये की यात्रा करते हैं और इनके पास पैसा नहीं है,” उन्होंने आरोप लगाया।
प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने बुधवार को बिहार की तरारी विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए पूर्व उपसेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एस के सिंह को उम्मीदवार बनाने की घोषणा की। इस निर्णय की जानकारी पटना में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान किशोर और उनकी पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज भारती ने दी। बिहार की रामगढ़, तरारी, इमामगंज और बेलागंज सीटों के लिए उपचुनाव 13 नवंबर को होंगे। ये सभी सीटें इस साल की शुरुआत में विधायकों के लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद खाली हुई थीं।