Bhagwant Mann BioData : आम आदमी पार्टी ने पंजाब में मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किया, भगवंत मान कॉमेडियन ‘जुगनू’ के नाम से मशहूर
Share This Post
न्यूज डेस्क ( नेशनल थॉट्स ) : इस बार पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी मजबूती से मैदान में डटी हुई है | आज दिल्ली के मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सांसद भगवंत मान को पंजाब के लिए अपना सीएम का चेहरा घोषित कर दिया है | पार्टी ने फोन नंबर के जरिए मुख्यमंत्री का चेहरा तय करने के मुहिम के बाद 22 लाख लोगों ने भगवंत मान के नाम पर मुहर लगाई है |
आइए पढ़ते है भगवंत मान का बायोडाटा :-
राजनीति में आने से पहले थे कॉमेडियन
अपने दोस्तों के बीच जुगनू उपनाम से लोकप्रिय भगवंत मान ने पंजाब की राजनीति में एक दशक पहले ही प्रवेश लिया है | इस दौरान उन्हें कई उतार-चढ़ावों का सामना करना पड़ा है | दरअसल, राजनीति में आने से पहले भगवंत मान एक चेहरे के तौर पर ही प्रचलित थे, लेकिन अधिकतर लोग उन्हे एक कॉमेडियन के तौर पर जानते है | फिलहाल वह दो बार से लोकसभा में आम आदमी पार्टी से सांसद हैं |
पंजाब पीपुल्स पार्टी से लड़ा था पहला चुनाव, बुरी तरह मिली हार
सांसद भगवंत मान ने मनप्रीत सिंह बादल की तरफ से नवगठित पंजाब पीपुल्स पार्टी से अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की थी | जिसके तहत उन्होंने 2012 में लेहरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा |
इसके बाद भगवंत मान ने पंजाब पीपुल्स पार्टी से नाता तोड़ 2014 में अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया |
आम आदमी पार्टी ने उन्हें 2014 के लोकसभा चुनाव में संगरूर से टिकट दिया | जिसमें भगवंत मान ने शिअद संयुक्त के सुखदेव सिंह ढिंडसा को हराया था | वहीं 2019 के लोकसभा चुनाव में भी भगवंत मान ने संगरूर से जीत दर्ज की थी |
लगे गंभीर आरोप
शराब पीकर संसद में जाने का लग चुका है आरोप, एक रैली में शराब ना पीने की खाई थी कसम
भगवंत मान पर शराब पीकर संसद में जाने का आरोप लग चुका है | 2016 में अन्य सांसदों ने उन पर शराब पीकर सांसद में आने का आरोप लगाया था | वहीं आम आदमी पार्टी से बर्खास्त सांसद हरिंदर सिंह खालसा ने एक बार सदन में स्पीकर से उनकी सीट बदलने की मांग की थी |
बीए की पढ़ाई पूरी नहीं कर सके भगवंत मान
भगवंत मान का जन्म 17 अक्टूबर 1972 में हुआ था | उनके पिता का नाम मोहिंदर सिंह था, जो एक टीचर थे | भगवंत का जन्म पंजाब के संगरूर जिले के सतोज गांव में हुआ था | उन्होंने पंजाब के संगरूर जिले के एस.यू.एस सरकारी कॉलेज से बीकॉम (फर्स्ट ईयर) किया है | उन्होंने इंदरप्रीत कौर से विवाह किया था | हालांकि 2015 में दोनों अलग हो गए | उनके दो बच्चे हैं एक बेटी और एक बेटा है |
कॉमेडियन मान ने खूब कमाया नाम
1992 में भगवंत मान क्रिएटिव म्यूजिक कंपनी में शामिल हो गए और शो करना शुरू कर दिया | वह 2013 तक डिस्कोग्राफी के क्षेत्र में सक्रिय थे | भगवंत मान ने यूथ कॉमेडी फेस्टिवल और इंटर कॉलेज प्रतियोगिताओं में भाग लिया | उन्होंने पंजाबी विश्वविद्यालय, पटियाला में शहीद उधम सिंह गवर्नमेंट कॉलेज में दो स्वर्ण पदक जीते |
1994 में उन्होंने ‘कचहरी’ से अपनी फिल्मी पारी की शुरुआत की |
उन्होंने 2018 तक 12 से अधिक फिल्में की | भगवंत मान ने राजनीति, व्यापार और खेल जैसे विशिष्ट भारतीय मुद्दों के बारे में कॉमेडी करना शुरू किया |
2006 में भगवंत मान और जग्गी ने अपने शो नो लाइफ विद वाइफ के साथ कनाडा और इंग्लैंड का दौरा किया |
2008 में मान ने ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज में भाग लिया, जिससे उनके दर्शकों के लोकप्रिय हो गए | भगवंत मान ने बलवंत दुल्लत द्वारा निर्देशित राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म “मैं मां पंजाब दी” में भी अभिनय किया था |