न्यूज डेस्क ( नेशनल थॉट्स ) : आज पंजाब के नए मुख्यमंत्री भगवंत मान का शपथ समारोह है | पंजाब में आम आदमी पार्टी ने ऐतिहासिक जीत हासिल करते हुए पहली बार सत्ता पर काबिज हुई है | आइए जानते है इस शपथ समारोह को भव्य बनाने के लिए क्या – क्या इंतजाम किए गए है |
- सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 10 हजार सुरक्षाकर्मी मौजूद
समारोह के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और इस आयोजन के लिए महानिरीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों को तैनात किया गया है | अधिकारियों ने बताया कि इस समारोह के लिए करीब आठ से 10 हजार सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है | पंजाब विधानसभा की 117 सीटों में से ‘आप’ ने 92 सीटों पर जीत दर्ज की है |
- शपथ में शामिल होने पहुंचे दिल्ली के मंत्री
शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए आम आदमी पार्टी के कई विधायक और दिल्ली सरकार के मंत्री पहुंचने लगे हैं | दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय, कैलाश गहलोत, राजेंद्र पाल गौतम और इमरान हुसैन पहुंच गए हैं |
- भीड़ को देखते हुए आज स्कूलों में छुट्टी
अधिकारियों ने कहा कि समारोह के लिए पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं और कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिरीक्षक तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की गई है | जिला प्रशासन ने शपथ ग्रहण समारोह के चलते भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए 16 मार्च को विद्यालयों में अवकाश की घोषणा की है |
- सच हो रहा सपना : मनीष सिसोदिया
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि पंजाब के मान भगवंत मान को बहुत-बहुत बधाई | ईमानदार राजनीति और लोगों की तरक्की के लिए काम करने वाली सरकार देने का सपना लेकर अरविंद केजरीवाल जी ने 10 साल पहले आम आदमी पार्टी की नींव रखी थी | आज पंजाब में भी वही सपना सच हो रहा है |
- आज एक नया सवेरा : भगवंत मान
भगवंत मान ने ट्वीट कर कहा कि सूरज की सुनहरी किरण आज एक नया सवेरा लेकर आई है | शहीद भगत सिंह और बाबा साहब के सपनों को साकार करने के लिए आज पूरा पंजाब खटकड़ कलां में शपथ लेगा |
- पंजाब के लिए बहुत बड़ा दिन : अरविन्द केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि आज पंजाब के लिए बहुत बड़ा दिन है | नई उम्मीद की इस सुनहरी सुबह में आज पूरा पंजाब इकठ्ठा होकर एक खुशहाल पंजाब बनाने की शपथ लेगा | उस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए मैं भी शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां के लिए रवाना हो गया हूं |