Business News : रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण भारत की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा असर, कई सेक्टर होंगे प्रभावित
Share This Post
भारतीय कंपनियों बढ़ा सकती है उत्पादन लागत
न्यूज डेस्क ( नेशनल थॉट्स ) : यूक्रेन के खिलाफ सैन्य अभियान के बाद रूस पर अमेरिका और यूरोपीय देशों के लगाए गए प्रतिबंध भारत की आयात क्षमता को प्रभावित कर सकते है | एक रिपोर्ट में बताया गया है कि इसका सीधा असर भारतीय कंपनियों पर उत्पादन लागत में दबाव के रूप में भी पड़ सकता है |
चालू वित्त वर्ष में निर्यात के आँकड़ें
चालू वित्त वर्ष के पहले नौ महीनों में रूस को भारत से किया जाने वाला निर्यात 2.55 अरब डॉलर पर रहा, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 1.87 अरब डॉलर के निर्यात से 36.1 फीसदी अधिक है | इस रिपोर्ट के अनुसार वित्त वर्ष 2021-22 के शुरूआती नौ महीनों में भारत से यूक्रेन को 37.2 करोड़ डॉलर (0.2 फीसदी) का निर्यात किया गया |
केमिकल्स और पेंट इंडस्ट्री पर भी असर
बढ़ती कीमत का असर केमिकल्स और पेंट इंडस्ट्री पर भी दिख रहा है | इन दो इंडस्ट्री में क्रूड ऑयल डेरिवेटिव्स का इस्तेमाल किया जाता है | ऐसे में इन दो सेक्टर की कंपनियों के मार्जिन पर असर होगा | जून तिमाही तक इन कंपनियों के मार्जिन पर असर दिखाई देगा | इन कंपनियों की इन्वेंट्री तेजी से घट रही है | कमोडिटी में तेजी से महंगाई पर भी असर होगा |
स्टील और एल्यूमीनियम इंडस्ट्री को फायदा
कमोडिटी में तेजी के कारण स्टील और एल्युमीनियम सेक्टर को फायदा मिलेगा | हालांकि, कंस्ट्रक्शन, रियल एस्टेट और ऑटोमोबाइल पर इसका बुरा असर होगा | कच्चे तेल में तेजी से नेचुरल गैस की कीमत पर भी असर होगा | नैचुरल गैस की कीमत का असर फर्टिलाइजर सेक्टर पर होगा | हालांकि, कंपनियां इसका रेट आसानी से बढ़ा सकती हैं जिसके कारण कंपनियों के रेवेन्यू पर ज्यादा असर नहीं दिखेगा |