भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली-एनसीआर के साथ ही पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में ‘कोल्ड डे’ की स्थिति का पूर्वानुमान जताया है। आईएमडी ने 2 जनवरी तक उत्तर भारतीय राज्यों में कोहरे के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। कोल्ड डे तब होता है जब लगातार दो दिन तक न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे हो और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस कम हो।
दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री और अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा। घने कोहरे से परिवहन सेवाओं पर काफी असर पड़ा है। हालांकि, दिल्ली में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुबह के समय दृश्यता मामूली सुधार के साथ 150 मीटर तक पहुंच गई है। उड़ानों के आवागमन में देरी हुई, लेकिन कोई उड़ान रद्द नहीं हुई है। चंडीगढ़ एयरपोर्ट से 14 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।