न्यूज डेस्क ( नेशनल थॉट्स ) : आज भारत देश की आन-बान और शान कही जाने वाली थल सेना के लिए बेहद अहम दिन है क्योंकि लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे ने नए थल सेना प्रमुख के तौर पर पदभार संभाल लिया है | उन्होंने जनरल एमएम नरवणे की जगह ली है | वह देश के 29वें थल सेना प्रमुख बने हैं | वरिष्ठता क्रम के अनुसार वह इस पद के लिए सबसे उपयुक्त हैं |
पहली बार सेना के इंजीनियर कोर के अधिकारी ने संभाली कमान
ऐसा पहली बार हुआ है कि सेना की इंजीनियर कोर के किसी अधिकारी ने थल सेना की कमान संभाली है | इससे पहले 28 बार पैदल सेना, तोपखाना और बख्तरबंद रेजिमेंट के अधिकारी ही 13 लाख कर्मियों वाली थल सेना के प्रमुख बनते रहे हैं | लेफ्टिनेंट जनरल पांडे इसी साल एक फरवरी को थल सेना के उप-प्रमुख बनने से पहले वह थल सेना की पूर्वी कमान का नेतृत्व कर रहे थे |
इथोपिया और इरिट्रिया में भी संभाली है अहम भूमिका
उन्होंने इथोपिया और इरिट्रिया में संयुक्त राष्ट्र मिशन में मुख्य इंजीनियर के रूप में भी कार्य किया है | उन्होंने सेना मुख्यालय में सैन्य संचालन निदेशालय में अतिरिक्त महानिदेशक और दक्षिणी कमान के मुख्यालय में चीफ ऑफ स्टाफ के रूप में भी सेवाएं दीं | उनकी शानदार सेवा के लिए उन्हें परम विशिष्ट सेवा पदक, अति विशिष्ट सेवा पदक, विशिष्ट सेवा पदक, थल सेना प्रमुख से प्रशस्ति पत्र आदि से सम्मानित किया जा चुका है |