IMD की भविष्यवाणी : राजधानी दिल्ली में बारिश की संभावना
Share This Post
IMD के अनुसार दिल्ली – NCR में हल्की बारिश की संभावना
न्यूज डेस्क ( नेशनल थॉट्स ) : दिल्ली-NCR क्षेत्र में आसमान में बादल छाए हुए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार दिल्ली-NCR के कई हिस्सों में हल्की बारिश होने का अनुमान है। दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कई हिस्सों में पहुंच चुका है, लेकिन, उत्तर भारत के लोगों को साल की पहली मानसून बारिश के लिए जून के अंत तक का इंतजार करना होगा। हालांकि, IMD 103 प्रतिशत बारिश का अनुमान जता चुका है।
राजधानी दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना
IMD ने दिल्ली में हल्की बारिश की भविष्यवाणी की है। साथ ही मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है। गुरुवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। IMD ने कहा कि इन मौसम संबंधी परिस्थितियों के प्रभाव में शुक्रवार तक हिमाचल प्रदेश में छिटपुट बारिश होने की संभावना है।
पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में होगी तेज बारिश
मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग ने यह भी कहा कि शुक्रवार तक क्षेत्र में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो गई हैं।
अब जून में प्री-मानसून एक्टिविटी की संभावना भी कम
इस बार अन्य वर्षों की तुलना में नौतपा कम तपा है तो प्री-मानसून एक्टिविटी भी कम होगी, जून में ज्यादा बारिश होने की संभावना भी कम है। जून के दूसरे हफ्ते से ही थोड़ी बहुत प्री-मानसून एक्टिविटी की संभावना है।