नई दिल्ली (नेशनल थॉट्स): भारतीय नौसेना सामग्री प्रबंधन सेवा के अधिकारी, केंद्रीय अभियांत्रिकी सेवा (सड़क) के सहायक कार्यकारी अभियंता और भारतीय डाक और दूरसंचार लेखा और वित्त सेवा के अधिकारी प्रशिक्षुओं ने आज राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।
डिजिटल कनेक्टिविटी को आगे बढ़ाने में दूरसंचार क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है: द्रौपदी मुर्मू
भारतीय डाक और दूरसंचार लेखा और वित्त सेवा के अधिकारी प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि त्वरित आर्थिक प्रगति अर्जित करने के लिए डिजिटल कनेक्टिविटी को आगे बढ़ाने में दूरसंचार क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। डिजिटल इंडिया पहल सरकार को अधिक दक्षता और पारदर्शिता के साथ विभिन्न सार्वजनिक सेवाएं प्रदान करने में मदद कर रही है। तथापि, हमें विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में अभी भी असंबद्ध जनता को जोड़ने का प्रयास जारी रखना चाहिए।
द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय नौसेना सामग्री प्रबंधन सेवा के अधिकारियों को संबोधित किया :
इस दौरान राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में कहा कि किसी राष्ट्र की आर्थिक वृद्धि और विकास के लिए सड़क संपर्क और अवसंरचना महत्वपूर्ण है। हाल के वर्षों में, सरकार ने नए राजमार्गों के निर्माण और विद्दमान राजमार्गों के उन्नयन के लिए कई पहल की हैं। इससे वस्तुओं का तेजी से परिवहन सुनिश्चित होगा और लोगों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी और साथ ही रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। केंद्रीय अभियांत्रिकी सेवा के अधिकारियों का यह उत्तरदायित्व है कि वे सुनिश्चित करें कि उनके द्वारा शुरू की जाने वाली अवसंरचना परियोजनाएं ऊर्जा कुशल, पर्यावरण के अनुकूल और स्थायी हों। उन्होंने उनसे सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए सर्वोत्तम अभियांत्रिकी और प्रौद्योगिकी समाधानों का नवोन्मेषण करने और उसका कार्यान्वयन करने का आग्रह किया।