संसद में प्रस्तावित परिसीमन विधेयक (Delimitation Bill) को लेकर जारी राजनीतिक खींचतान के बीच केंद्र सरकार को बड़ी राहत मिली है। तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) ने विधेयक का समर्थन करने का ऐलान कर दिया है। पार्टी का यह फैसला केंद्र सरकार की ओर से निष्पक्ष परिसीमन को लेकर उसकी प्रमुख मांगें स्वीकार किए जाने के बाद आया है।
DMK सांसदों की अहम बैठक के बाद पार्टी अध्यक्ष और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने विधेयक के समर्थन का फैसला लिया। इसे राष्ट्रीय राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। DMK के समर्थन से परिसीमन विधेयक को लेकर सरकार की स्थिति मजबूत हो सकती है। साथ ही संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए प्रस्तावित 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया को भी गति मिल सकती है।
DMK नेताओं के मुताबिक, केंद्र सरकार ने भरोसा दिलाया है कि परिसीमन के दौरान सभी राज्यों के हितों की रक्षा की जाएगी। पार्टी की प्रमुख मांग है कि तमिलनाडु का संसदीय प्रतिनिधित्व कम नहीं होना चाहिए और कुल सीटों में उसकी मौजूदा हिस्सेदारी बरकरार रहनी चाहिए।
DMK की मुख्य मांगें मानी गईं, स्टालिन ने किया समर्थन का ऐलान
DMK सांसदों की बैठक के बाद मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने कहा कि पार्टी परिसीमन विधेयक का समर्थन करेगी, क्योंकि निष्पक्ष परिसीमन की उसकी प्रमुख मांग स्वीकार कर ली गई है।
DMK सांसद दयानिधि मारन ने भी इस फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रस्ताव से पार्टी की चिंताएं दूर हुई हैं। इसके तहत प्रत्येक राज्य में सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक वृद्धि करने की बात कही गई है।
मारन ने कहा, “हमारी मांग पूरी हो गई है। हर राज्य में सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ जाएगी। इससे महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता भी साफ होगा। हम इसका स्वागत करते हैं।”
DMK का यह फैसला इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि परिसीमन का मुद्दा केंद्र सरकार और विपक्षी दलों, विशेषकर दक्षिण भारत के राजनीतिक दलों के बीच लंबे समय से विवाद का विषय रहा है।
दक्षिणी राज्यों की चिंता रही है कि यदि सीटों का आवंटन केवल जनसंख्या के आधार पर किया गया, तो जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों का राजनीतिक प्रतिनिधित्व प्रभावित हो सकता है।
ए. राजा ने स्पष्ट किया, तमिलनाडु की 7.18% हिस्सेदारी रहेगी बरकरार
DMK सांसद ए. राजा ने पार्टी के फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी को बरकरार रखने के आश्वासन के आधार पर विधेयक का समर्थन करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने इस सिद्धांत पर सहमति जताई है कि तमिलनाडु की हिस्सेदारी में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। ए. राजा के मुताबिक, तमिलनाडु की 59 सीटों की संख्या को लेकर भी सहमति बनी है।
उन्होंने यह भी बताया कि DMK अध्यक्ष एम.के. स्टालिन ने सांसदों को राज्य के हितों की रक्षा के लिए जरूरत पड़ने पर अन्य आवश्यक बदलावों की मांग करने का अधिकार दिया है।
ए. राजा ने कहा कि कांग्रेस के साथ गठबंधन में रहने के दौरान भी DMK की यही मांग रही थी। पार्टी का मानना है कि परिसीमन की प्रक्रिया निष्पक्ष होनी चाहिए और इससे तमिलनाडु का राजनीतिक प्रतिनिधित्व प्रभावित नहीं होना चाहिए।
क्या है प्रस्तावित परिसीमन विधेयक?
परिसीमन विधेयक का उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का पुनर्निर्धारण करना तथा सीटों की संख्या में बदलाव करना है।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा की मौजूदा सीटों की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 तक किए जाने की संभावना है। इसके लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के बीच सीटों का नए सिरे से आवंटन किया जा सकता है।
परिसीमन की प्रक्रिया में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने के साथ-साथ जनसंख्या और अन्य निर्धारित मानकों के आधार पर प्रतिनिधित्व का पुनर्गठन किया जाता है।
हालांकि, इस प्रस्ताव को लेकर खासकर दक्षिण भारत के राज्यों में राजनीतिक चिंताएं सामने आई थीं। इन राज्यों का तर्क है कि जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने की वजह से उन्हें संसद में अपने मौजूदा प्रतिनिधित्व का नुकसान नहीं उठाना चाहिए।
महिला आरक्षण और राज्यों के प्रतिनिधित्व के बीच संतुलन की चुनौती
परिसीमन विधेयक की बहस केवल लोकसभा की सीटें बढ़ाने तक सीमित नहीं है। इसका सीधा संबंध संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए प्रस्तावित 33 प्रतिशत आरक्षण को लागू करने से भी है।
केंद्र सरकार जहां परिसीमन और महिला आरक्षण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना चाहती है, वहीं विपक्षी दल राज्यों के बीच राजनीतिक प्रतिनिधित्व में संतुलन बनाए रखने की मांग कर रहे हैं।
ऐसे में DMK का समर्थन केंद्र सरकार के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि उसका समर्थन तमिलनाडु के हितों और राज्य की मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी को सुरक्षित रखने के आश्वासन पर आधारित है।







