कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी बुधवार को वायनाड लोकसभा सीट उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगी। इस कदम के साथ ही उनका सक्रिय राजनीति में चुनावी पदार्पण होगा। प्रियंका गांधी अपनी मां और कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे, भाई राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और कई अन्य प्रमुख नेताओं की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल करेंगी।
प्रियंका गांधी मंगलवार को ही वायनाड पहुंच चुकी हैं और उन्होंने सुल्तान बाथेरी में ठहराव किया था। इस दौरान वह अपने निर्वाचन क्षेत्र की आम जनता से भी मिलीं और एक स्थानीय परिवार से मुलाकात की। इसके साथ ही उन्होंने एक पूर्व सैनिक के घर का दौरा भी किया। बता दें कि इससे पहले राहुल गांधी ने वायनाड से चुनाव जीता था, लेकिन रायबरेली से जीत के बाद उन्होंने यह सीट खाली कर दी थी।
प्रियंका गांधी और राहुल गांधी बुधवार सुबह 11 बजे कलपेट्टा बस स्टैंड से रोड शो करेंगे। यह रोड शो लगभग 2 किलोमीटर लंबा होगा। इसके बाद प्रियंका गांधी कलपेट्टा स्थित जिला कलेक्टर कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। कांग्रेस की जानकारी के अनुसार, प्रियंका गांधी सुबह 11:45 बजे गुडलाई, केडब्ल्यूए कार्यालय के सामने एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगी।
प्रियंका गांधी को वायनाड उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नव्या हरिदास और लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) के सत्यन मोकेरी से मुकाबला करना होगा। नव्या हरिदास दो बार कोझिकोड निगम पार्षद रह चुके हैं, जिससे उनके पास राजनीति का अनुभव है।
राहुल गांधी पहले ही कह चुके हैं कि वायनाड और रायबरेली में पार्टी को दो-दो सांसद मिलेंगे। उन्होंने प्रियंका गांधी की जीत का भरोसा भी जताया है। अगर प्रियंका गांधी वायनाड से जीतती हैं, तो वह गांधी परिवार से संसद पहुंचने वाली तीसरी सदस्य होंगी। वायनाड में उपचुनाव 13 नवंबर को आयोजित होगा।