रूस-यूक्रेन युद्ध को पूरे हुए 100 दिन
न्यूज डेस्क ( नेशनल थॉट्स ) : 24 फरवरी 2022 को शुरू हुई रूस-यूक्रेन जंग को आज 100 दिन पूरे हो चुके है | NATO मेंबरशिप को लेकर रूस-यूक्रेन में तनाव इस कदर भड़का कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने जंग का आगाज कर दिया। तब से इन बीते 100 दिनों में यूक्रेन की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। कभी चमक धमक और रोशनी से पटे रहने वाले यूक्रेनी शहर आज खंडहर में तब्दील हो चुके हैं।
दोनों ही देशों की बढ़ी मुश्किलें
युद्ध की इस तपिश ने पूर्वी यूरोप के बाहर दुनिया के दूसरे देशों को भी कई परेशानी में डाला है, इनमें भारत भी शुमार है। आज हम आपको बताते हैं कि बीते 100 दिनों में किस तरह इस युद्ध वजह की वजह रूस-यूक्रेन के साथ भारत को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
फॉरेन इनवेस्टर्स ने भारत से निकाल लिए 1 लाख करोड़ रुपए
सबसे पहले भारत की बात करें तो जंग शुरू होने के बाद तीन महीने के भीतर ही फॉरेन पोर्टफोलियो इन्वेस्टर्स ने इंडियन मार्केट से 1 लाख करोड़ रुपए निकाल लिए, जबकि इससे पहले पिछले 9 महीने में कुल 50 हजार करोड़ रुपए ही निकाले गए थे। भारत सहित दुनिया भर के सभी उभरते हुए बाजारों को महंगाई की वजह से मौद्रिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है।
रिकॉर्ड लेवल पर पहुंच गई महंगाई दर
भारत में सालाना महंगाई दर अप्रैल 2022 में बढ़कर 7.8% हो गई, जो मई 2014 के बाद सबसे ज्यादा है। खाद्य महंगाई दर लगातार सातवें महीने बढ़कर 8.4% हो गई। 31 मई को वनस्पति तेल की कीमत पिछले साल के मुकाबले 26.6% बढ़ गई, जबकि गेहूं की कीमत में 14.3% उछाल आया। इसके अलावा दुनिया भर के 45 देश गंभीर खाद्य संकट के मुहाने पर पहुंच चुके हैं।