रूस यूक्रेन जंग का आज 41वां दिन है। रूसी सेना धीरे-धीरे यूक्रेन के कुछ इलाकों से पीछे हट रही है। जिसके बाद इन जगहों की तबाही का मंजर सामने आ रहा है। बुचा शहर में जगह-जगह बिखरी लाशों ने पूरी दुनिया को झकझोर दिया है। उधर, यूक्रेन के प्रॉसिक्यूटर जनरल का कहना है कि बोरोड्यांका शहर के हालात बुचा से भी बदतर हैं। हालांकि, उन्होंने मरने वालों का आंकड़ा नहीं दिया।
दूसरी तरफ मायकोलाइव के मेयर ऑलेक्जेडर सेनकेविच के मुताबिक, बीते रोज शहर पर रूसी हमले में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 46 लोग घायल है। 4 अप्रैल को रूस ने रिहायशी इलाकों समेत 2 अस्पतालों, एक अनाथालय, 11 किंडरगार्टन और 12 स्कूल पर हमला किया।
बाइडेन ने की पुतिन पर मुकदमा चलाने की मांग
बुचा नरसंहार के बाद के बाद अमेरिका की तरफ से तीखी प्रतिक्रिया सामने आ रही है। राष्ट्रपति जो बाइडेन ने एक बार रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन को वॉर क्रिमिनल बताते हुए उन पर मुकदमा चलाने की मांग की है। बाइडेन ने कहा- बुका में जो हुआ वह भयानक है और सभी ने इसे देखा है।
बोरोड्यांका शहर में 355 कुत्तों की मौत
रूसी हमले की वजह से इंसान तो इंसान जानवरों को भी जान का नुकसान उठाना पड़ा है। जानवरों के लिए काम करने वाले संगठन यूएनिमल्स के मुताबिक, बोरोड्यांका शहर में खाना और पानी नहीं मिलने से एनिमल शेल्टर होम में 355 कुत्तों की मौत हो गई।
रूस में दवाओं की कमी
जंग के कारण पश्चिम देशों की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों के चलते रूस में दवाएं मिलना मुश्किल हो गया है। रूस में स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि यह घबराकर दवाएं खरीदने और प्रतिबंधों के कारण बनी मुश्किलों के चलते हुआ है।
रूस में 735 घंटे रहा इंटरनेट बंद
इस साल रूस में सबसे ज्यादा लंबे वक्त इंटरनेट बंद कर दिया गया था। 2022 में दुनिया के 9 देशों में 8000 घंटे इंटरनेट बंद रहा। इससे 19,500 करोड़ रु. का नुकसान हुआ।