You Must Grow
India Must Grow

NATIONAL THOUGHTS

A Web Portal Of Positive Journalism 

Weather : उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत; ठंड और कोहरे की चपेट में

Share This Post

नई दिल्ली,(नेशनल थॉट्स ) : आंध्र प्रदेश से लेकर बिहार और पंजाब तक, उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत में बड़ी ठंड और घने कोहरे का सामना हो रहा है। हिमाचल के कुकुमसेरी में पारा माइनस 7.5 डिग्री सेल्सियस तक गिरा, जबकि पहलगाम में शून्य से 6.2 डिग्री नीचे रहा। यहां बर्फबारी के बाद, राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को शीतलहर ने लोगों को ठंडक महसूस कराई है। दिनभर धूप के बावजूद, लोग ठंडी ठंडी हवा में लिपटे रहे।


दिल्ली में न्यूनतम तापमान गिरकर 8.3 डिग्री सेल्सियस रखा गया है, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है, लेकिन एक दिन पहले की तुलना में दो डिग्री कम है। उत्तर भारत में कोहरे के कारण, रेल सेवाएं प्रभावित हो रही हैं, और ट्रेनें देर से चल रहीं हैं।

 

उत्तर प्रदेश के बरेली में दृश्यता सबसे कम
आईएमडी ने कहा कि बुधवार को पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारत के कुछ अन्य हिस्सों में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। मंगलवार देर शाम कोहरा छाए रहने के कारण कई इलाकों में काफी दृश्यता कम रही। उत्तर प्रदेश के बरेली में दृश्यता सबसे कम 25 दर्ज की गई। आईएमडी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, पूर्वी राजस्थान से सटे पश्चिम मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश के मध्य भागों, दक्षिण असम और त्रिपुरा में मध्यम से घना कोहरा छाया हुआ है।
कश्मीर के अधिकांश जिलों में पारा शून्य से नीचे
जम्मू-कश्मीर में डल झील समेत सभी जल स्रोत जम गए हैं। पहाड़ों की ऊंची चोटियों पर भारी बर्फबारी से कश्मीर घाटी भीषण ठंड की चपेट में है। जम्मू-कश्मीर में कोहरे के कारण लगातार रेल और हवाई सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। मंगलवार को भी जम्मू पहुंचने वाली कई ट्रेनें और उड़ानें देरी से पहुंचीं। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 4 और 5 जनवरी को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश-बर्फबारी हो सकती है। 8 जनवरी को भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा।

हिमाचल के मैदानी जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा सहित मंडी, सोलन, सिरमौर में छह जनवरी तक घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। आठ जनवरी को मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा के कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।

पंजाब-हरियाणा व राजस्थान में लुढ़का रात का तापमान….
पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी सर्दी का सितम जारी है। रात का तापमान लुढ़कने से पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पटियाला में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री रहा। अमृतसर में 8.3 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में आठ डिग्री और फरीदकोट में 8.2 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *