प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार, 16 नवंबर 2026 को फिलीपींस की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रवाना हो गए। मनीला के लिए रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री ने कहा कि दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन आसियान (ASEAN) के साथ भारत के संबंध देश की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ (Act East Policy) के केंद्र में हैं। इसके साथ ही भारत के महत्वाकांक्षी ‘महासागर’ (MAHASAGAR) विजन में भी आसियान की महत्वपूर्ण भूमिका है।
फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी 17 नवंबर को आयोजित 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा, मनीला में क्वाड (Quad) देशों के शीर्ष नेताओं की बहुप्रतीक्षित बैठक भी प्रस्तावित है, जिस पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें टिकी हुई हैं।
रवाना होने से पहले PM मोदी ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्वास जताया कि उनकी यह यात्रा आसियान के साथ भारत की साझेदारी को नई ऊर्जा देगी। साथ ही, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, समृद्धि और स्थिरता के प्रति साझा प्रतिबद्धता को भी मजबूती मिलेगी।
अपनी रवानगी के बयान में पीएम मोदी ने कहा, “आज मैं राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर 17 नवंबर 2026 को होने वाले 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट में भाग लेने के लिए मनीला जा रहा हूं।”
उन्होंने कहा कि आसियान देशों के साथ भारत के संबंध ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ के केंद्र में हैं और ‘महासागर’ विजन में भी इनका महत्वपूर्ण स्थान है। सदियों पुराने सांस्कृतिक आदान-प्रदान पर आधारित दोनों पक्षों के रिश्ते अब व्यापार, कनेक्टिविटी, समुद्री सुरक्षा, तकनीक और लोगों के बीच आपसी संपर्क तक विस्तारित हो चुके हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आसियान-भारत शिखर सम्मेलन के दौरान वह क्षेत्रीय नेताओं के साथ मिलकर व्यापक रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति को आगे बढ़ाने और विकास, कनेक्टिविटी तथा समृद्धि से जुड़ी साझा आकांक्षाओं को गति देने के लिए उत्सुक हैं।
हिंद-प्रशांत क्षेत्र की शांति और स्थिरता पर होगी चर्चा
पीएम मोदी ने 21वें ईस्ट एशिया समिट को क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा का महत्वपूर्ण मंच बताया। उन्होंने कहा कि वह हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सहयोग को मजबूत करने के मुद्दे पर अन्य नेताओं के साथ विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
इस दौरान प्रधानमंत्री फिलीपींस में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि वहां रहने वाले भारतीय समुदाय का योगदान दोनों देशों के बीच दोस्ती के रिश्तों को मजबूत बनाने में अहम है।
पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि उनकी यह यात्रा आसियान के साथ भारत की साझेदारी में नई ऊर्जा भरेगी और शांतिपूर्ण, समृद्ध तथा मजबूत हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण की साझा प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाएगी।
क्या है PM मोदी की फिलीपींस यात्रा का एजेंडा?
प्रधानमंत्री मोदी फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर मनीला पहुंचे हैं। फिलीपींस वर्ष 2026 के लिए आसियान का अध्यक्ष है और इसी के तहत क्षेत्रीय शिखर सम्मेलनों की मेजबानी कर रहा है।
यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब वर्ष 2026 को ‘आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष’ (ASEAN-India Year of Maritime Cooperation) के रूप में मनाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, वर्ष 2027 में भारत और आसियान के बीच संवाद संबंधों के 35 वर्ष पूरे होंगे। वहीं, व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच साल भी पूरे होंगे।
23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में दोनों पक्षों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा, वर्ष 2026 से 2030 के लिए तैयार आसियान-भारत कार्य योजना (ASEAN-India Plan of Action) के क्रियान्वयन का भी आकलन होगा।
इस बैठक में भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के बीच भविष्य में सहयोग बढ़ाने, व्यापार, समुद्री सुरक्षा, तकनीक और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
मनीला में क्वाड नेताओं की होगी अहम बैठक
आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान मनीला में क्वाड (Quad) देशों के शीर्ष नेताओं की बैठक भी प्रस्तावित है। एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, इस बैठक में अमेरिका, भारत, ऑस्ट्रेलिया और जापान के नेता शामिल हो सकते हैं।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज और जापानी प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची के शामिल होने की उम्मीद है।
दो वर्षों में क्वाड नेताओं की यह पहली बैठक होगी। इससे पहले 21 सितंबर 2024 को अमेरिका के डेलावेयर में तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडेन की मेजबानी में क्वाड शिखर सम्मेलन आयोजित किया गया था।
मनीला में प्रस्तावित बैठक अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में डोनाल्ड ट्रंप के मौजूदा कार्यकाल में क्वाड नेताओं की पहली मुलाकात होगी।
क्या है क्वाड और क्यों है यह महत्वपूर्ण?
क्वाड चार देशों- भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान का रणनीतिक समूह है। इसकी शुरुआत वर्ष 2007 में हुई थी। हालांकि, चीन को लेकर क्षेत्रीय चिंताओं और अलग-अलग रणनीतिक प्राथमिकताओं के कारण अगले वर्ष यह समूह लगभग निष्क्रिय हो गया था। बाद में इसे फिर सक्रिय किया गया।
क्वाड का मुख्य उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्वतंत्रता, सुरक्षा, स्थिरता और नियम-आधारित व्यवस्था को मजबूत करना है। समुद्री सुरक्षा, महत्वपूर्ण तकनीक, आपूर्ति श्रृंखला और क्षेत्रीय सहयोग इसके प्रमुख मुद्दे हैं।
फिलीपींस 11 सदस्यीय आसियान संगठन का वर्ष 2026 का अध्यक्ष है। ऐसे में मनीला में होने वाले इन शिखर सम्मेलनों को भारत की क्षेत्रीय कूटनीति और हिंद-प्रशांत रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।







