National Thoughts Logo
National Thoughts
AWebPortalOfPositiveJournalism

लुटियंस दिल्ली में खुलेगा दलाई लामा का कार्यालय, केंद्र ने 3 साल के लिए दिया बंगला

a
admin
25 नवंबर 2026 | 02:37 pm IST
Featured Image

केंद्र सरकार ने तिब्बती आध्यात्मिक गुरु 14वें दलाई लामा के कार्यालय के लिए लुटियंस दिल्ली के प्रतिष्ठित इलाके में एक बंगला आवंटित किया है। यह आवास ‘गादेन फोड्रंग ट्रस्ट’ (Gaden Phodrang Trust) को दिया गया है, जो दलाई लामा के कार्यालय का प्रबंधन करने के साथ-साथ उनकी आध्यात्मिक और मानवीय गतिविधियों की देखरेख करता है।

यह बंगला राष्ट्रीय राजधानी में पंडित रवि शंकर शुक्ल लेन पर स्थित है। बताया जा रहा है कि यह आवंटन विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुरोध पर किया गया है। हालांकि, केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय की ओर से इस फैसले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

इस आवंटन के बाद दलाई लामा का कार्यालय लुटियंस दिल्ली के उस प्रतिष्ठित क्षेत्र में स्थापित होगा, जहां कई महत्वपूर्ण सरकारी संस्थान और अधिकारियों के आधिकारिक आवास मौजूद हैं।

तीन साल के लिए आवंटित हुआ बंगला, बढ़ाई जा सकती है अवधि

सूत्रों के मुताबिक, बंगले का आवंटन सामान्य सरकारी आवास व्यवस्था के तहत किया गया है। इस व्यवस्था में आमतौर पर आवास तीन साल की अवधि के लिए आवंटित किया जाता है। हालांकि, निर्धारित नियमों के अनुसार इस अवधि को आगे बढ़ाने का भी प्रावधान है।

खास बात यह है कि बंगले का आवंटन सीधे दलाई लामा के नाम पर नहीं, बल्कि ‘गादेन फोड्रंग ट्रस्ट’ के नाम पर किया गया है। यह ट्रस्ट दलाई लामा के संस्थागत कार्यालय के रूप में काम करता है और उनकी गतिविधियों के संचालन में सहयोग करता है।

क्या है गादेन फोड्रंग ट्रस्ट?

गादेन फोड्रंग ट्रस्ट दलाई लामा से जुड़ी संस्था के संरक्षण और संचालन की जिम्मेदारी निभाता है। ट्रस्ट की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, इसका उद्देश्य दलाई लामा की आध्यात्मिक शिक्षाओं और मानवीय विचारों को बढ़ावा देना है।

ट्रस्ट के प्रमुख उद्देश्यों में मानवीय मूल्यों को प्रोत्साहित करना, विभिन्न धर्मों के बीच आपसी सद्भाव बढ़ाना, तिब्बती संस्कृति और पहचान का संरक्षण करना तथा पर्यावरण की सुरक्षा शामिल है।

इसके अलावा, भारत के प्राचीन ज्ञान और परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी ट्रस्ट के प्रमुख कार्यों में शामिल है।

निर्वासित तिब्बती संसद ने भारत सरकार का जताया आभार

इस बीच, मंगलवार को निर्वासित तिब्बती संसद के सदस्यों ने 14वें दलाई लामा और उनके निजी कार्यालय के लिए लुटियंस दिल्ली में टाइप-7 बंगला आवंटित किए जाने पर भारत सरकार का आभार जताया।

संसद के सदस्यों ने इस फैसले को दलाई लामा और तिब्बती समुदाय के प्रति भारत के समर्थन का महत्वपूर्ण संकेत बताया।

निर्वासित तिब्बती संसद की अध्यक्ष डोलमा त्सेरिंग ने बंगला आवंटित किए जाने का स्वागत करते हुए इसे ‘बहुत अच्छी खबर’ बताया। उन्होंने तिब्बती संसद की ओर से भारत सरकार को धन्यवाद भी दिया।

डोलमा त्सेरिंग के मुताबिक, इस आवास से दलाई लामा के लिए राष्ट्रीय राजधानी में आना-जाना अधिक सुविधाजनक हो जाएगा। साथ ही, दिल्ली प्रवास के दौरान उन्हें बेहतर सुविधाएं और आराम मिल सकेगा।

इस आवंटन से दलाई लामा के कार्यालय को दिल्ली में एक स्थायी संस्थागत ठिकाना मिलने जा रहा है, जिससे राजधानी में उनकी आध्यात्मिक और मानवीय गतिविधियों के संचालन में सुविधा होगी।