दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के छात्रसंघ चुनावों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने कई कॉलेजों में बड़ी जीत का दावा किया है। ABVP के अनुसार, संगठन ने कई कॉलेजों में सभी प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की है। वहीं, नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) ने भी आर्यभट्ट कॉलेज में दो सीटों पर जीत का दावा किया है।
कई कॉलेजों में ABVP की जीत का दावा
ABVP की ओर से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, अदिति महाविद्यालय में संगठन ने सभी पदों पर जीत हासिल की। श्री अरबिंदो कॉलेज (मॉर्निंग) में ABVP पैनल ने 6-0 से जीत दर्ज की, जबकि भारती कॉलेज में सभी आठ पदों पर कब्जा जमाने का दावा किया गया है।
शिवाजी कॉलेज में भी ABVP ने 6-0 से जीत दर्ज की। डॉ. भीमराव आंबेडकर कॉलेज में संगठन ने सभी चार पदों पर जीत हासिल करने का दावा किया। वहीं, केशव महाविद्यालय में ABVP उम्मीदवारों ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव के तीन प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की।
आर्यभट्ट कॉलेज में NSUI का जीत का दावा
NSUI ने आर्यभट्ट कॉलेज में दो सीटों पर जीत का दावा किया है। संगठन ने कहा कि जीत के बाद नवनिर्वाचित CC देवांश सैनी ने अपनी टीम के साथ NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ से मुलाकात की।
NSUI ने कहा कि छात्रों के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन आगे भी अपनी गतिविधियां जारी रखेगा।
DUSU के चार केंद्रीय पदों पर मुकाबला
DUSU के केंद्रीय पैनल में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के चार पद शामिल हैं। इन पदों के लिए ABVP, NSUI और AISA-SFI गठबंधन के उम्मीदवार मैदान में हैं।
इस चुनाव में प्रमुख छात्र संगठनों के कुल 20 उम्मीदवार केंद्रीय पैनल के चार पदों के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। मतदान के लिए दिन की कक्षाओं वाले छात्रों को सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक, जबकि शाम की कक्षाओं वाले छात्रों को दोपहर 3 बजे से शाम 7:30 बजे तक वोट डालने का समय दिया गया।
1,000 EVM का इस्तेमाल
विश्वविद्यालय अधिकारियों के अनुसार, चुनाव के लिए कुल 1,000 EVM (Electronic Voting Machines) की व्यवस्था की गई थी। इनमें से 960 EVM का इस्तेमाल मतदान के लिए किया गया, जबकि 40 मशीनें रिजर्व में रखी गईं।
मतों की गिनती नॉर्थ कैंपस स्थित यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स स्टेडियम के मल्टीपर्पस हॉल में की जा रही है।
2,000 से ज्यादा सुरक्षाबल तैनात
DUSU चुनाव की मतगणना को देखते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और अर्धसैनिक बलों के 2,000 से अधिक जवानों की तैनाती की गई है।
पुलिस के मुताबिक, मतगणना केंद्र और अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। परिसर में पैदल गश्ती दल, मोटरसाइकिल दस्ते और PCR वाहन लगातार निगरानी कर रहे हैं।
प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रतिबंध
सुरक्षा व्यवस्था के तहत छात्र मार्ग, प्रोबिन रोड और यूनिवर्सिटी रोड समेत कुछ प्रमुख सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की गई है। पुलिस के अनुसार, ये प्रतिबंध नतीजों की घोषणा तक लागू रहेंगे।
मतगणना केंद्र के आसपास विद्यार्थियों और उम्मीदवारों के समर्थकों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए प्रवेश और निकास बिंदुओं पर भी निगरानी बढ़ाई गई है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विशेष नजर है, ताकि भीड़भाड़ और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
2025 में ABVP ने जीते थे तीन पद
2025 के DUSU चुनाव में ABVP ने केंद्रीय पैनल के चार में से तीन पदों पर जीत हासिल की थी, जिसमें अध्यक्ष पद भी शामिल था। NSUI ने उपाध्यक्ष पद जीता था।
पिछले चुनाव में ABVP के आर्यन मान ने 28,841 वोट हासिल कर अध्यक्ष पद जीता था। वहीं, NSUI के राहुल झांसला ने 29,339 वोटों के साथ उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की थी। ABVP के कुणाल चौधरी और दीपिका झा ने क्रमशः सचिव और संयुक्त सचिव पद पर जीत हासिल की थी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मतगणना के दौरान और नतीजों की घोषणा के बाद भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात रहेंगे।







