National Thoughts Logo
National Thoughts
AWebPortalOfPositiveJournalism

सावरकर मामले में सोनिया गांधी को अल्टीमेटम, 15 दिन में माफी नहीं तो अवमानना याचिका

a
admin
24 नवंबर 2026 | 11:42 am IST
Featured Image

हिंदुत्व विचारक और स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर को लेकर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक में की गई कथित टिप्पणियों पर विवाद बढ़ गया है। सावरकर के प्रपौत्र सत्याकी सावरकर ने सोनिया गांधी को कानूनी नोटिस भेजकर बिना शर्त माफी मांगने, स्पष्टीकरण देने और विवादित बयानों में सुधार करने की मांग की है। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि यदि 15 दिनों के भीतर जवाब नहीं मिला तो उनके खिलाफ अदालत में अवमानना याचिका दायर की जाएगी।

सत्याकी सावरकर की ओर से उनके वकील संग्राम कोल्हटकर ने यह नोटिस भेजा है। इसमें सोनिया गांधी की हाल ही में प्रकाशित संस्मरण पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के पृष्ठ संख्या 201 और 443 पर लिखी गई टिप्पणियों पर आपत्ति जताई गई है। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि ये टिप्पणियां तथ्यात्मक रूप से गलत, ऐतिहासिक रूप से भ्रामक और तोड़-मरोड़कर पेश की गई हैं। इससे वीडी सावरकर की प्रतिष्ठा और ऐतिहासिक विरासत को नुकसान पहुंचा है।

सोनिया गांधी को 15 दिन का अल्टीमेटम

सत्याकी सावरकर ने कानूनी नोटिस के माध्यम से सोनिया गांधी से विवादित टिप्पणियों पर स्पष्टीकरण देने और बिना शर्त माफी मांगने को कहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर नोटिस का जवाब नहीं दिया गया तो वह अदालत का रुख करेंगे और अवमानना याचिका दायर करेंगे।

सत्याकी के वकील संग्राम कोल्हटकर के मुताबिक, यह नोटिस दिल्ली स्थित सोनिया गांधी के आवास पर डाक और ईमेल, दोनों माध्यमों से भेजा गया है।

सोनिया गांधी ने अपनी किताब में सावरकर को लेकर क्या लिखा?

सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और विनायक दामोदर सावरकर की आलोचना की है। उन्होंने दावा किया है कि सावरकर ने अंग्रेजों से माफी मांगी थी, जबकि कांग्रेस के स्वतंत्रता सेनानियों ने ब्रिटिश शासन के दौरान हमले और जेल की सजा झेली थी।

किताब में सोनिया गांधी लिखती हैं कि जब कांग्रेस के स्वतंत्रता सेनानी अंग्रेजों के हाथों प्रताड़ना और जेल की सजा का सामना कर रहे थे, उस समय आरएसएस के प्रमुख विचारक विनायक दामोदर सावरकर अपने ब्रिटिश शासकों को दया याचिकाएं लिख रहे थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि संगठन के कुछ सदस्य ब्रिटिश अधिकारियों के साथ मिलकर मुखबिर के तौर पर काम कर रहे थे।

RSS और हिंदू राष्ट्र को लेकर भी की टिप्पणी

सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में आरएसएस की विचारधारा पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि आरएसएस ने कांग्रेस और उसके मूल्यों को हिंदू राष्ट्र बनाने की अपनी योजना में सबसे बड़ी बाधा माना है।

उन्होंने यह भी दावा किया है कि संगठन के प्रमुख विचारकों ने अपने लेखों और भाषणों में हिटलर तथा अल्पसंख्यकों के प्रति उसकी नीतियों की प्रशंसा की थी। इन टिप्पणियों को लेकर भी राजनीतिक विवाद खड़ा हुआ है।

शिवसेना ने की किताब पर प्रतिबंध लगाने की मांग

सावरकर पर की गई टिप्पणियों को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में भी विवाद तेज हो गया है। शिवसेना के नेताओं ने सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिवसेना नेताओं ने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे की चुप्पी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने सावरकर को लेकर की गई टिप्पणियों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। इसके बजाय उन्होंने कांग्रेस से इस पुस्तक को स्वीकार किया है।

राहुल गांधी भी लगा चुके हैं ऐसे आरोप

शिवसेना नेताओं ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में सावरकर के अंग्रेजों से माफी मांगने और उन्हें पत्र लिखने का जिक्र किया है। उनके मुताबिक, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी कई मौकों पर सावरकर को लेकर इसी तरह के आरोप लगा चुके हैं।

इस पूरे विवाद ने एक बार फिर सावरकर की ऐतिहासिक भूमिका, स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान और राजनीतिक दलों के बीच वैचारिक मतभेदों को लेकर बहस तेज कर दी है। अब सबकी नजरें सोनिया गांधी की ओर से कानूनी नोटिस पर आने वाले जवाब और आगे की कानूनी कार्रवाई पर टिकी हैं।