National Thoughts Logo
National Thoughts
AWebPortalOfPositiveJournalism

IPL में बिहार की अनदेखी पर छलका Anil Agarwal का दर्द, पूछा- Ishan-Vaibhav के बावजूद टीम क्यों नहीं?

a
admin
22 मई 2026 को 09:19 am बजे
Featured Image

देश के प्रमुख उद्योगपति और वेदांता रिसोर्सेज के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने बिहार के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) टीम बनाने की जोरदार वकालत की है। उन्होंने कहा कि बिहार प्रतिभाशाली क्रिकेटरों की धरती है और जिस तरह चेन्नई, मुंबई और कोलकाता की अपनी IPL टीमें हैं, उसी तरह बिहार भी अपनी टीम का हकदार है।

ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी का किया जिक्र

अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए बिहार के क्रिकेटरों की उपलब्धियों को सामने रखा। उन्होंने खास तौर पर पटना के ईशान किशन, समस्तीपुर के वैभव सूर्यवंशी और गोपालगंज के साकिब हुसैन का उल्लेख किया, जो इस सीजन IPL में बिहार का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

उन्होंने सवाल उठाया,
“क्या बिहार जैसे प्रतिभाशाली राज्य की अपनी IPL टीम नहीं होनी चाहिए?”

बिहार को उसकी पहचान क्यों नहीं मिली?’

अग्रवाल ने कहा कि बिहार ने देश को कई बेहतरीन खिलाड़ी दिए हैं, लेकिन क्रिकेट की दुनिया में राज्य को वह पहचान अब तक नहीं मिल पाई जिसकी वह वास्तव में हकदार है। उनके मुताबिक, बिहार के खिलाड़ी आज विश्व क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं, फिर भी राज्य के पास खुद का बड़ा क्रिकेट मंच नहीं है।

युवाओं को बिहार में ही मिले अवसर

उन्होंने कहा कि उनका सबसे बड़ा सपना है कि बिहार के युवा खिलाड़ियों को अपना करियर बनाने के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े। राज्य में ही विश्वस्तरीय स्टेडियम, ट्रेनिंग और खेल सुविधाएं उपलब्ध हों, ताकि खिलाड़ी अपने घर से ही अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकें।

‘बिहार की टीम दुनिया की सर्वश्रेष्ठ बन सकती है’

अनिल अग्रवाल ने भरोसा जताया कि अगर बिहार के खिलाड़ियों को सही सुविधाएं और मार्गदर्शन मिले, तो राज्य की टीम दुनिया की बेहतरीन टीमों में शामिल हो सकती है। उन्होंने कहा कि वह बिहार के खिलाड़ियों और क्रिकेट के विकास के लिए बिना किसी शर्त के पूरा समर्थन देने को तैयार हैं।

‘बिहार सिर्फ राज्य नहीं, भावना है’

अपने भावुक संदेश में अग्रवाल ने कहा कि बिहार उनके लिए सिर्फ एक राज्य नहीं, बल्कि एक भावना है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि बिहार की प्रतिभा देश और दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट मंच पर खुलकर दिखाई दे।