प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली NDA सरकार ने प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया को लेकर बड़ा कदम उठाया है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार ने परिसीमन विधेयक में महत्वपूर्ण संशोधनों को मंजूरी दे दी है। इन संशोधनों के तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में समान रूप से 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा, राज्यों के बीच संसदीय प्रतिनिधित्व तय करने के लिए 1971 की जनगणना के आधार पर लागू व्यवस्था को अगले 25 वर्षों तक बनाए रखने का प्रावधान भी शामिल है।
सरकार का यह कदम दक्षिण भारत के कई राज्यों की उस प्रमुख मांग को पूरा करने की दिशा में अहम माना जा रहा है, जिसमें जनसंख्या नियंत्रण के प्रयासों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों के संसदीय प्रतिनिधित्व को सुरक्षित रखने की मांग की गई थी।
लोकसभा में 850 तक हो सकती हैं सीटें
प्रस्तावित परिसीमन विधेयक के जरिए लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाने का रास्ता साफ हो सकता है। मौजूदा संवैधानिक व्यवस्था के तहत लोकसभा में अधिकतम 550 सदस्यों का प्रावधान है, जबकि प्रस्तावित संशोधन के तहत इस सीमा को बढ़ाकर 850 करने की बात कही गई है।
इस प्रस्ताव के अनुसार, लोकसभा में राज्यों के लिए अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 35 सीटें निर्धारित की जा सकती हैं।
परिसीमन के तहत संसदीय और विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का नए सिरे से निर्धारण किया जाता है। इसके साथ ही जनसंख्या और संवैधानिक प्रावधानों के आधार पर सीटों के आवंटन की व्यवस्था भी तय की जाती है।
दक्षिण भारतीय राज्यों की चिंताओं पर सरकार का ध्यान
परिसीमन को लेकर दक्षिण भारतीय राज्यों की राजनीतिक पार्टियां लगातार चिंता जाहिर करती रही हैं। उनका कहना है कि यदि लोकसभा सीटों का निर्धारण केवल मौजूदा जनसंख्या के आधार पर किया गया, तो अधिक जनसंख्या वाले राज्यों की सीटों में ज्यादा वृद्धि हो सकती है।
इससे उन राज्यों का संसदीय प्रतिनिधित्व प्रभावित होने की आशंका है, जिन्होंने जनसंख्या नियंत्रण के लिए बेहतर प्रयास किए हैं।
इसी वजह से दक्षिणी राज्यों की पार्टियां मांग कर रही थीं कि राज्यों के बीच मौजूदा प्रतिनिधित्व का अनुपात बरकरार रखा जाए। प्रस्तावित संशोधनों में 1971 की जनगणना के आधार पर निर्धारित अनुपात को अगले 25 वर्षों तक बनाए रखने की बात कही गई है।
क्या है परिसीमन विधेयक?
परिसीमन (Delimitation) एक संवैधानिक प्रक्रिया है, जिसके तहत लोकसभा और विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं दोबारा निर्धारित की जाती हैं। इसके जरिए यह तय किया जाता है कि अलग-अलग क्षेत्रों में जनसंख्या के अनुपात के अनुसार सीटों का प्रतिनिधित्व किस तरह होगा।
यह प्रक्रिया एक स्वतंत्र परिसीमन आयोग के माध्यम से पूरी की जाती है। संविधान के अनुच्छेद 81, 82 और 170 में इससे संबंधित प्रावधान शामिल हैं।
परिसीमन का प्रमुख उद्देश्य निर्वाचन क्षेत्रों में जनसंख्या और प्रतिनिधित्व के बीच संतुलन बनाए रखना है। इसके अलावा, अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित सीटों की संख्या और उनके आवंटन की भी समीक्षा की जाती है।
संविधान के 131वें संशोधन विधेयक में क्या हैं प्रस्ताव?
प्रस्तावित संविधान (131वां संशोधन) विधेयक का उद्देश्य लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या और राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के बीच सीटों के आवंटन से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों में बदलाव करना है।
इसके प्रमुख प्रस्ताव इस प्रकार हैं:
लोकसभा की अधिकतम सीटें: मौजूदा 550 की सीमा को बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव।
राज्यों के लिए सीटें: अधिकतम 815 सीटें निर्धारित करने का प्रस्ताव।
केंद्र शासित प्रदेश: अधिकतम 35 सीटों का प्रावधान।
सीटों में बढ़ोतरी: सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव।
1971 की जनगणना: राज्यों के बीच संसदीय प्रतिनिधित्व के मौजूदा अनुपात को अगले 25 वर्षों तक बनाए रखने का प्रस्ताव।
महिला आरक्षण और परिसीमन की बहस से जुड़ा मामला
परिसीमन की यह पूरी बहस महिला आरक्षण के मुद्दे से भी जुड़ी हुई है। इसमें एक ओर लोकसभा में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया है, तो दूसरी ओर जनसंख्या के आधार पर संसदीय प्रतिनिधित्व तय करने का सवाल है।
ऐसे में सरकार के प्रस्तावित संशोधनों को महिला आरक्षण, राज्यों के प्रतिनिधित्व और जनसंख्या नियंत्रण के बीच संतुलन बनाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, इस प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक दलों के बीच चर्चा और मतभेद बने हुए हैं।







