रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश अभिनीत बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ को चुनौती देने वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई करने से इनकार कर दिया है। सुनवाई के दौरान अदालत ने याचिकाकर्ता को कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि न्यायालय का समय बर्बाद नहीं किया जाना चाहिए। अदालत को बताया गया कि यह याचिका 23 तारीख को दाखिल की गई थी, लेकिन अभी तक सुनवाई के लिए सूचीबद्ध नहीं हो पाई है।
‘रामायण’ फिल्म पर याचिकाकर्ता ने क्या उठाए सवाल?
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के वकील ने फिल्म में रामायण से जुड़े कई तथ्यों को कथित रूप से गलत तरीके से प्रस्तुत किए जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने मामले में जल्द सुनवाई की मांग की।
इस पर भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) ने कहा कि फिल्म पहले ही रिलीज हो चुकी है और जो लोग इसे देखना चाहते थे, वे इसे देख चुके हैं।
वहीं, जस्टिस बागची ने टिप्पणी करते हुए कहा कि फिल्म निर्माताओं ने महाकाव्य रामायण की अपनी समझ और व्याख्या के आधार पर फिल्म बनाई है। अगर याचिकाकर्ता की इस महाकाव्य को लेकर अलग समझ है, तो वे भी अपनी व्याख्या के आधार पर फिल्म बना सकते हैं।
जस्टिस बागची ने स्पष्ट कहा कि इस तरह के मामले में अदालत का कीमती समय बर्बाद नहीं किया जाना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट की इस टिप्पणी के बाद फिल्म को चुनौती देने वाली याचिका पर तत्काल सुनवाई की मांग स्वीकार नहीं की गई।
5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी फिल्म
निर्देशक नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण: पार्ट 1’ 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म को देशभर के दर्शकों तक पहुंचाने के लिए हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम सहित पांच भाषाओं में रिलीज किया गया।
फिल्म को लेकर रिलीज से पहले ही दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता थी। इसकी भव्य प्रस्तुति, स्टार कास्ट और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल ने इसे चर्चा का विषय बना दिया है।
‘रामायण’ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म का प्रदर्शन मजबूत बना हुआ है। गुरुवार को फिल्म की कमाई में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। 22वें दिन फिल्म ने सभी भाषाओं में भारत में 9.65 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इससे एक दिन पहले यानी 21वें दिन फिल्म ने 9.50 करोड़ रुपये कमाए थे। इस तरह कमाई में करीब 1.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
गुरुवार को फिल्म का भारत में ग्रॉस कलेक्शन 11.50 करोड़ रुपये रहा। 15,418 शोज में फिल्म की ऑक्यूपेंसी 12.8 प्रतिशत दर्ज की गई।
फिल्म के अब तक के बॉक्स ऑफिस आंकड़े:
भारत में कुल नेट कलेक्शन: 992.10 करोड़ रुपये
भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन: 1,185 करोड़ रुपये
दुनियाभर में कुल ग्रॉस कलेक्शन: 1,777 करोड़ रुपये
तीसरे सप्ताह का नेट कलेक्शन: 128.35 करोड़ रुपये
तीसरे सप्ताह का ग्रॉस कलेक्शन: 152.85 करोड़ रुपये
ओपनिंग डे नेट कलेक्शन: 64.85 करोड़ रुपये
ओपनिंग डे ग्रॉस कलेक्शन: 77.50 करोड़ रुपये
रणबीर कपूर से यश तक, ऐसी है फिल्म की स्टार कास्ट
‘रामायण: पार्ट 1’ में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आ रही हैं। यश फिल्म में रावण की भूमिका निभा रहे हैं।
इसके अलावा सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में दिखाई देंगे। फिल्म की अन्य प्रमुख कलाकारों में रकुल प्रीत सिंह (शूर्पणखा), लारा दत्ता (रानी कैकेयी), अरुण गोविल (राजा दशरथ) और काजल अग्रवाल (मंदोदरी) शामिल हैं।
हंस जिमर और ए.आर. रहमान ने संभाला संगीत का जिम्मा
फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा और यश ने किया है। इसके संगीत को खास बनाने के लिए ऑस्कर विजेता संगीतकार हंस जिमर और भारत के मशहूर संगीतकार ए.आर. रहमान ने साथ मिलकर काम किया है।
फिल्म की भव्यता, दमदार स्टार कास्ट और संगीत को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं, अब सुप्रीम कोर्ट में फिल्म को चुनौती देने वाली याचिका पर की गई टिप्पणी भी चर्चा में है।







