National Thoughts Logo
National Thoughts
AWebPortalOfPositiveJournalism

संजय कपूर के 30 हजार करोड़ के ट्रस्ट विवाद में मध्यस्थता विफल, सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई जारी

a
admin
27 नवंबर 2026 | 11:55 am IST
Featured Image

दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर के करीब 30,000 करोड़ रुपये के ‘आरके फैमिली ट्रस्ट’ को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। सुप्रीम कोर्ट की ओर से कराई जा रही मध्यस्थता (मीडिएशन) की प्रक्रिया विफल हो गई है। शीर्ष अदालत ने गुरुवार को संजय कपूर की मां रानी कपूर और उनकी पत्नी प्रिया सचदेव कपूर के बीच चल रही मध्यस्थता को औपचारिक रूप से समाप्त कर दिया।

गौरतलब है कि इस फैमिली ट्रस्ट के पास ऑटो पार्ट्स निर्माण क्षेत्र की दिग्गज कंपनी ‘सोना कॉमस्टार’ में बड़ी हिस्सेदारी है। 12 जून 2025 को निधन से पहले संजय कपूर इस कंपनी के चेयरमैन थे।

भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की देखरेख में दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने के लिए करीब 15 दौर की बातचीत हुई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी।

जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने सुनवाई के दौरान स्पष्ट किया कि किसी भी पक्ष को समझौता करने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। अदालत ने संकेत दिया कि मध्यस्थता समाप्त होने के बाद अब मामले के कानूनी पहलुओं पर नियमित सुनवाई होगी।

दोनों पक्षों ने सुप्रीम कोर्ट में क्या दलीलें दीं?

गुरुवार की सुनवाई के दौरान रानी कपूर की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ दवे ने अदालत को बताया कि उन्होंने ट्रस्ट के खिलाफ अपने दावों के निपटारे के लिए 6,000 करोड़ रुपये की मांग की थी।

वहीं, प्रिया कपूर के वकीलों ने ट्रस्ट की कुल संपत्ति का मूल्य करीब 30,000 करोड़ रुपये बताया।

प्रिया कपूर की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी ने ट्रस्ट की संपत्ति पर रानी कपूर के दावे को चुनौती दी। वहीं, वरिष्ठ अधिवक्ता अभिमन्यु भंडारी ने दलील दी कि ट्रस्ट की संपत्ति में प्रिया कपूर का 60 प्रतिशत हिस्सा बनता है, जबकि शेष 40 प्रतिशत हिस्सा संजय कपूर के बच्चों के बीच बांटा जाना चाहिए।

दूसरी ओर, अभिनेत्री करिश्मा कपूर से हुई शादी से जन्मे संजय कपूर के बच्चों की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता महेश जेठमलानी ने कहा कि ट्रस्ट की संपत्ति में बच्चों का 24 से 26 प्रतिशत हिस्सा बनता है।

आखिर क्या है 30 हजार करोड़ रुपये के ट्रस्ट का पूरा विवाद?

यह पूरा विवाद ‘आरके फैमिली ट्रस्ट’ की वैधता और उसकी संपत्तियों के स्वामित्व को लेकर है। रानी कपूर ने दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर इस ट्रस्ट को अमान्य घोषित करने की मांग की थी।

उनका आरोप है कि उनके दिवंगत पति और सोना ग्रुप के संस्थापक सुरिंदर कपूर से विरासत में मिली संपत्ति को उनकी जानकारी और सहमति के बिना ट्रस्ट में स्थानांतरित कर दिया गया था।

दूसरी ओर, प्रिया कपूर ने रानी कपूर के मुकदमे को खारिज करने की मांग की है।

रानी कपूर ने ट्रस्ट की संपत्तियों के हस्तांतरण को रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट का भी रुख किया था। 14 मई को दाखिल एक अलग याचिका में उन्होंने अदालत से अनुरोध किया था कि मध्यस्थता की प्रक्रिया पूरी होने तक प्रिया कपूर और अन्य प्रतिवादियों को ट्रस्ट के कामकाज में हस्तक्षेप करने से रोका जाए।

कैसे शुरू हुई मध्यस्थता की प्रक्रिया?

इस विवाद को आपसी सहमति से सुलझाने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने अप्रैल में मध्यस्थता का सुझाव दिया था। इसके बाद घटनाक्रम इस प्रकार आगे बढ़ा:

27 अप्रैल: रानी कपूर की याचिका पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने दोनों पक्षों को मध्यस्थता के जरिए विवाद सुलझाने का सुझाव दिया।

7 मई: जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस उज्ज्वल भुइयां की पीठ ने पूर्व मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ को मध्यस्थ नियुक्त किया। दोनों पक्ष समझौते की संभावनातलाशने के लिए सहमत हुए थे।

6 अगस्त: मध्यस्थता के छह सत्र पूरे होने के बाद जस्टिस पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने चंद्रचूड़ की प्रारंभिक रिपोर्ट को रिकॉर्ड पर लिया। अदालत ने बातचीत जारी रखने की अनुमति देते हुए अगली सुनवाई 26 नवंबर के लिए तय की।

गुरुवार: करीब 15 दौर की बातचीत के बावजूद समझौता नहीं हो सका। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने मध्यस्थता की प्रक्रिया समाप्त कर दी।

अब दिल्ली हाई कोर्ट में होगा संपत्ति विवाद पर फैसला

गुरुवार को सुनवाई के दौरान रानी कपूर के वकील सिद्धार्थ दवे ने ट्रस्ट की संपत्ति को सुरक्षित रखने से जुड़ी उनकी लंबित अर्जी पर जल्द फैसला सुनाने का आग्रह किया।

इस पर सुप्रीम कोर्ट ने संकेत दिया कि दिल्ली हाई कोर्ट को एक निश्चित समय-सीमा के भीतर इस अर्जी पर फैसला करना चाहिए।

मध्यस्थता विफल होने के बाद अब इस हाई-प्रोफाइल पारिवारिक विवाद का समाधान कानूनी प्रक्रिया के जरिए तलाशा जाएगा। करीब 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति से जुड़े इस मामले में अब अदालत की सुनवाई और दोनों पक्षों की दलीलें महत्वपूर्ण होंगी।