National Thoughts Logo
National Thoughts
AWebPortalOfPositiveJournalism

आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से राहत, दोषसिद्धि पर रोक बरकरार; ED केस में 10 दिन की न्यायिक हिरासत

a
admin
17 नवंबर 2026 | 12:28 pm IST
Featured Image

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री आज़म खान को मंगलवार (17 नवंबर 2026) को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी कानूनी राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट के उस आदेश को बरकरार रखा है, जिसमें आज़म खान की दोषसिद्धि पर रोक लगाई गई थी। जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने उत्तर प्रदेश सरकार की याचिका खारिज कर दी, जिसमें हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती दी गई थी।

सुप्रीम कोर्ट ने यही राहत आज़म खान की पत्नी तज़ीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आज़म खान को भी दी है। तीनों की ओर से इस मामले में अलग-अलग अपीलें दायर की गई थीं। शीर्ष अदालत के आदेश के बाद उनकी दोषसिद्धि पर लगी रोक बरकरार रहेगी। हालांकि, मामले से जुड़ी अन्य कानूनी कार्यवाही जारी रहेगी।

क्या है फर्जी जन्म प्रमाण पत्र का पूरा मामला?

अभियोजन पक्ष के मुताबिक, इस मामले की शुरुआत 3 जनवरी 2019 को हुई थी। उस समय रामपुर से भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि आज़म खान और उनकी पत्नी ने अपने बेटे अब्दुल्ला आज़म खान के लिए दो अलग-अलग जन्म प्रमाण पत्र बनवाए थे।

इस मामले में रामपुर की सत्र अदालत ने आज़म खान, तज़ीन फातिमा और अब्दुल्ला आज़म खान को भारतीय दंड संहिता (IPC) की विभिन्न धाराओं के तहत दोषी ठहराया था। इनमें धारा 420 (धोखाधड़ी), 467 (दस्तावेजों की जालसाजी), 468 (धोखाधड़ी के उद्देश्य से जालसाजी), 471 (फर्जी दस्तावेज का इस्तेमाल), 472 (जालसाजी के लिए फर्जी मुहर बनाना या रखना) और 120बी (आपराधिक साजिश) शामिल हैं।

अदालत ने तीनों को सात-सात साल की कैद की सजा सुनाई थी। बाद में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगा दी थी, जिसे उत्तर प्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।

ED मामले में आज़म खान को 10 दिन की न्यायिक हिरासत

एक ओर सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है, तो दूसरी ओर आज़म खान को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में झटका लगा है। गाजियाबाद की अदालत ने उन्हें 10 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) इस मामले की जांच कर रहा है।

अदालत के आदेश के मुताबिक, आज़म खान 26 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में रहेंगे। इसके बाद मामले में अगली सुनवाई होगी। अदालत की कार्यवाही पूरी होने के बाद उन्हें परिसर से डासना जेल ले जाया गया।

दरअसल, ED मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट को मिले चंदे और रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के विकास में इस्तेमाल किए गए धन की जांच कर रही है।

दिल्ली में ED ने दर्ज किया आज़म खान का बयान

इससे पहले शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले के सिलसिले में गिरफ्तार समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म खान से दिल्ली स्थित अपने मुख्यालय में पूछताछ की थी।

अधिकारियों के अनुसार, 78 वर्षीय आज़म खान से पूछताछ और उनका बयान दर्ज करने की प्रक्रिया ED की लखनऊ जोनल जांच टीम द्वारा दिल्ली कार्यालय में की गई थी। एजेंसी ट्रस्ट को मिले धन और उसके इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।