उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने मंगलवार को दावा किया कि हवाई अड्डे पर 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश होने के बावजूद अब तक वहां से एक भी निर्धारित अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू नहीं हुई है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरते हुए हवाई अड्डे का नाम उनके नाम पर रखे जाने पर भी सवाल उठाए।
जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च 2026 को जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन एक भव्य समारोह में किया था। उन्होंने दावा किया कि परियोजना के पहले चरण के लिए 3,000 एकड़ से अधिक जमीन का अधिग्रहण विवादों के बीच किया गया और इस पर 30,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश हुआ।
30 हजार करोड़ के निवेश के बावजूद उड़ानों पर सवाल
जयराम रमेश ने एक मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि इतने बड़े निवेश के बावजूद अब तक जेवर एयरपोर्ट से एक भी निर्धारित अंतरराष्ट्रीय उड़ान का संचालन शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने यह भी दावा किया कि हवाई अड्डे पर यात्रियों की आवाजाही अपेक्षा के मुताबिक धीमी है।
कांग्रेस महासचिव ने हवाई अड्डे का नाम बदलकर ‘नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा नोएडा-जेवर’ किए जाने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने सवाल उठाया कि जब परियोजना से जुड़ी बुनियादी सेवाओं और उड़ानों को लेकर सवाल बने हुए हैं, तो नामकरण को लेकर इतनी तत्परता क्यों दिखाई गई।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम का भी किया जिक्र
अपने सोशल मीडिया पोस्ट में जयराम रमेश ने अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम का भी उल्लेख किया। उन्होंने तंज कसते हुए सवाल किया कि अब अगला नामकरण किसके नाम पर किया जाएगा।
इस टिप्पणी के जरिए उन्होंने सार्वजनिक संस्थानों और परियोजनाओं के नामकरण को लेकर केंद्र सरकार की नीति पर सवाल खड़े किए।
नेहरू के फैसलों का दिया उदाहरण
जयराम रमेश ने अपने पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के नामकरण को लेकर अपनाए गए कथित अलग दृष्टिकोण का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जनवरी 1949 में हैदराबाद के फतेह मैदान का नाम नेहरू के नाम पर रखने का प्रस्ताव आया था, लेकिन तत्कालीन प्रधानमंत्री ने इसे स्वीकार नहीं किया था।
इसके अलावा, दिसंबर 1956 में जम्मू-कश्मीर की बनिहाल सुरंग का नाम अपने नाम पर रखने के प्रस्ताव को भी नेहरू ने रुकवा दिया था।
विश्वविद्यालय का नाम अपने नाम पर रखने का प्रस्ताव भी ठुकराया
कांग्रेस महासचिव ने एमसी छागला की आत्मकथा ‘रोजेज इन दिसंबर’ का हवाला देते हुए एक अन्य घटना का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि 1960 के दशक की शुरुआत में तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री एमसी छागला ने राष्ट्रीय राजधानी में प्रस्तावित दूसरे विश्वविद्यालय का नाम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के नाम पर रखने का सुझाव दिया था। हालांकि, नेहरू ने इस प्रस्ताव को तत्काल खारिज कर दिया था।
जयराम रमेश ने इन ऐतिहासिक उदाहरणों के जरिए सार्वजनिक परियोजनाओं और संस्थानों के नामकरण को लेकर अपनी पार्टी का पक्ष रखा। जेवर एयरपोर्ट के नामकरण, निवेश और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को लेकर कांग्रेस के इन सवालों से इस परियोजना पर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।







