भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने डाबर इंडिया लिमिटेड (Dabur India Ltd.) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कंपनी के कई खाद्य उत्पादों पर किए गए ‘100 प्रतिशत’ और ‘ऑर्गेनिक’ जैसे दावों पर आपत्ति जताई है। रेगुलेटर ने इन दावों को भ्रामक बताते हुए संबंधित उत्पादों की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।
FSSAI का कहना है कि इस तरह की लेबलिंग न केवल अस्पष्ट है, बल्कि इसे वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित करना भी संभव नहीं है। ऐसे दावे उपभोक्ताओं को गुमराह कर सकते हैं और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करते हैं।
किन उत्पादों पर हुई कार्रवाई?
FSSAI के आदेश के अनुसार, जिन उत्पादों पर कार्रवाई की गई है, उनमें शामिल हैं—
शहद (Honey)
एप्पल साइडर विनेगर
वर्जिन कोकोनट ऑयल
तिल का तेल
गाय का घी
नारियल पानी
नारियल का दूध
इन उत्पादों पर “100% Natural”, “100% Pure”, “100% Purity Guaranteed”, “100% Organic” और “100% Tender Coconut Water” जैसे दावे किए गए थे।
FSSAI को क्या आपत्ति है?
FSSAI के अनुसार, डाबर की वेबसाइट पर प्रदर्शित कई दावे Food Safety and Standards (Advertising and Claims) Regulations, 2018 के प्रावधानों का उल्लंघन करते हैं।
रेगुलेटर का कहना है कि “100%” जैसे पूर्ण दावे (Absolute Claims) उपभोक्ताओं को भ्रमित कर सकते हैं, जब तक कि उनके समर्थन में स्पष्ट और वैध प्रमाण उपलब्ध न हों।
‘जैविक भारत’ लोगो पर भी सवाल
FSSAI ने बताया कि Dabur Himalayan Organic Apple Cider Vinegar और Dabur Organic Honey पर वैध FSSAI ऑर्गेनिक प्रमाणन के बिना ‘जैविक भारत’ (Jaivik Bharat) का लोगो प्रदर्शित किया जा रहा था।
इसके अलावा, Dabur Homemade Coconut Milk पर किए गए “100% Purity” के दावे पर भी आपत्ति जताई गई। रेगुलेटर के मुताबिक, 2018 के नियमों के तहत मिश्रित (Compound) खाद्य उत्पादों पर इस प्रकार का दावा स्वीकार्य नहीं है।
पहले भी जारी किया गया था नोटिस
FSSAI ने बताया कि उसने पहले भी डाबर को नोटिस जारी कर ‘100%’ जैसे भ्रामक दावों को हटाने के निर्देश दिए थे।
हालांकि, रेगुलेटर के अनुसार कंपनी की ओर से संतोषजनक सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद अब कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
15 दिनों में मांगी एक्शन टेकन रिपोर्ट
FSSAI ने डाबर को निर्देश दिया है कि वह नोटिस में उल्लिखित उत्पादों के साथ-साथ ऐसे सभी खाद्य उत्पादों की बिक्री तत्काल प्रभाव से रोके, जिन पर भ्रामक “100%” दावे किए गए हैं।
साथ ही कंपनी को 15 दिनों के भीतर “Action Taken Report (ATR)” जमा करने के लिए भी कहा गया है।
डाबर ने क्या कहा?
डाबर इंडिया ने कहा कि उसे FSSAI का नोटिस प्राप्त हो गया है और कंपनी इसकी समीक्षा कर रही है।
कंपनी के बयान में कहा गया,
“हमें FSSAI का नोटिस मिला है और हम नोटिस में बताए गए कंटेंट की जांच कर रहे हैं। आवश्यक समीक्षा के बाद नियमानुसार उचित कदम उठाए जाएंगे।”
हाल के महीनों में बढ़ी FSSAI की सख्ती
हाल के समय में FSSAI खाद्य उत्पादों के विज्ञापनों और दावों को लेकर लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है।
रेगुलेटर सोशल मीडिया के माध्यम से भी अपनी कार्रवाई की जानकारी साझा कर रहा है। इसके अलावा, हाल के महीनों में कई फूड बिजनेस ऑपरेटर, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, एनर्जी ड्रिंक और अन्य खाद्य एवं पेय पदार्थ बनाने वाली कंपनियों के खिलाफ भी नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई है।







