National Thoughts Logo
National Thoughts
AWebPortalOfPositiveJournalism

देवोत्थान एकादशी कि हार्दिक शुभकामनाए

a
admin
20 नवंबर 2026 | 10:44 am IST
Featured Image

देवोत्थान एकादशी पर ऐसे जगाएं भगवान विष्णु, जानिए पूजा का संपूर्ण विधान….

देवोत्थान एकादशी भगवान विष्णु के चार महीने की योगनिद्रा से जागने का पावन पर्व है। इस दिन शंख, घंटा और कीर्तन के माध्यम से श्रीहरि को जगाकर उनकी विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। उपवास, रात्रि जागरण, हरिनाम संकीर्तन, तुलसी विवाह और गन्ने की पूजा का विशेष महत्व है। पद्मपुराण के अनुसार इस एकादशी का व्रत हजार अश्वमेघ और सौ राजसूय यज्ञों के समान पुण्य प्रदान करने वाला तथा पापों का नाश करने वाला माना गया है।

देवोत्थान एकादशी के दिन भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने का उत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जाता है। इस दिन प्रातःकाल अथवा सायंकाल भगवान श्रीहरि के समक्ष दीप प्रज्वलित करके शंख, घंटा, घड़ियाल और थाली बजाते हुए हरि नाम संकीर्तन करना चाहिए, मंगल गीत गाते हुए भगवान को निद्रा से जागृत करना चाहिए। देवोत्थान एकादशी
के दिन भगवान का कीर्तन कर शंख, घड़ियाल या थाली बजाकर इस प्रकार भगवान को जगाना चाहिए,

उत्तिष्ठोत्तिष्ठगोविन्द त्यजनिद्रांजगत्पते। त्वयिसुप्तेजगन्नाथ जगत् सुप्तमिदंभवेत्।।

उत्तिष्ठोत्तिष्ठवाराह दंष्ट्रोद्धतवसुन्धरे। हिरण्याक्षप्राणघातिन्त्रैलोक्येमंङ्गलम्कुरु।।

संस्कृत बोलने में असमर्थ सामान्य लोग उठो देवा, बैठो देवा, अंगुरिया चटकाओ देवा कहकर श्रीनारायण को उठाएं।

भगवान श्रीहरि को जगाने के पश्चात् उनकी षोडशोपचार विधि से पूजा-अर्चना करनी चाहिए। भगवान को स्नान, वस्त्र, चंदन, अक्षत, पुष्प, धूप, दीप, नैवेद्य आदि समर्पित करके उनकी आरती उतारनी चाहिए। उन्हें विभिन्न प्रकार के मौसमी फल, मिठाइयां एवं अन्य सात्त्विक व्यंजनों का भोग लगाना चाहिए। तुलसी दल भगवान विष्णु को अत्यन्त प्रिय है, इसलिए नैवेद्य में तुलसी दल अवश्य अर्पित करना चाहिए।

सम्भव हो तो उपवास रखें अन्यथा केवल एक समय फलाहार ग्रहण करें। रात्रि में जागरण करके भगवान के नाम का संकीर्तन, भजन, विष्णु सहस्रनाम का पाठ तथा एकादशी व्रत की कथा का श्रवण करना विशेष पुण्यदायक माना गया है। मान्यता है कि रात्रि जागरण और हरि नाम संकीर्तन से भगवान विष्णु अत्यन्त प्रसन्न होते हैं तथा भक्तों पर अपनी कृपा बरसाते हैं।

पद्मपुराण के उत्तरखण्ड में वर्णित एकादशी माहात्म्य के अनुसार श्री हरि प्रबोधिनी-देवोत्थान एकादशी का व्रत करने से एक हजार अश्वमेघ यज्ञ तथा सौ राजसूय यज्ञों का फल मिलता है। धर्मशास्त्रों की मान्यता अनुसार इस परमपुण्यप्रदा एकादशी के विधिवत व्रत से सब पाप भस्म हो जाते हैं तथा व्रती मरणोपरान्त बैकुण्ठ जाता है। इस एकादशी के दिन श्रद्धा के साथ जो कुछ भी जप-तप, स्नान-दान, होम करते हैं, वह सब अक्षय फलदायक हो जाता है। इस व्रत को करने वाला दिव्य फल प्राप्त करता है। इस दिन श्रद्धापूर्वक किया गया स्नान, दान, जप, तप, होम, हवन और भगवद् आराधना अक्षय फल प्रदान करने वाला माना गया है।

देवउठनी एकादशी व्रत कथा, इसके पाठ से मिलेगा व्रत का पूर्ण फल
कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवउठनी एकादशी मनाई जाती है। इस पावन दिन जगत के पालनहार भगवान विष्णु चार महीने की योग निद्रा से जागते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, एकादशी का व्रत तब तक अधूरा माना जाता है, जब तक पूजा के दौरान व्रत कथा न पढ़ी या सुनी जाए। आइए पढ़ते हैं देवउठनी एकादशी की संपूर्ण पौराणिक कथा।

सनातन धर्म में देवउठनी एकादशी
का विशेष महत्व है। इसे प्रबोधिनी एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल एकादशी यानी देवशयनी एकादशी के दिन भगवान श्रीहरि विष्णु क्षीरसागर में चार महीने के लिए योग निद्रा में चले जाते हैं और कार्तिक शुक्ल एकादशी को जागते हैं। इस दिन व्रत रखकर भगवान विष्णु और माता तुलसी की विधिवत पूजा-अर्चना की जाती है। शास्त्रों के अनुसार, किसी भी एकादशी व्रत का पूर्ण फल तभी प्राप्त होता है, जब पूजा के अंत में उसकी व्रत कथा पढ़ी या सुनी जाए। आइए जानते हैं देवउठनी एकादशी की वह पावन पौराणिक कथा, जिसका संबंध स्वयं माता लक्ष्मी और भगवान विष्णु के संवाद से जुड़ा है।

देवउठनी एकादशी की संपूर्ण व्रत कथा
पौराणिक कथा के अनुसार, एक बार माता लक्ष्मी ने भगवान विष्णु से आग्रह करते हुए कहा, “हे नाथ! या तो आप दिन-रात लगातार जागते रहते हैं या फिर जब सोते हैं, तो लाखों-करोड़ों वर्षों तक सोते ही रहते हैं और उस समय समस्त चराचर सृष्टि का विनाश कर डालते हैं। इसलिए आप प्रतिवर्ष नियमपूर्वक एक निश्चित समय के लिए निद्रा लिया करें, जिससे मुझे भी कुछ विश्राम मिल सके।”

माता लक्ष्मी की यह बात सुनकर भगवान विष्णु मुस्कुराए और बोले, “हे देवी! तुमने बिल्कुल उचित कहा है। मेरे जागते रहने से सभी देवताओं और विशेषकर तुम्हें कष्ट होता है, क्योंकि तुम्हें मेरी सेवा में थोड़ा भी अवकाश नहीं मिलता। अतः आज से मैं प्रतिवर्ष चार मास (चातुर्मास) वर्षा ऋतु में शयन किया करूंगा।”

भगवान विष्णु ने आगे कहा, “मेरी यह निद्रा अल्पनिद्रा और प्रलयकालीन महानिद्रा कहलाएगी। यह मेरे भक्तों के लिए परम मंगलकारी होगी। इस काल में जो भी मेरे परम भक्त मेरे शयन की भावना कर मेरी सेवा करेंगे तथा शयन और उत्थान के उत्सव को आनंदपूर्वक आयोजित करेंगे, उनके घर में मैं तुम्हारे साथ सदैव निवास करूंगा।”

देवउठनी एकादशी की दूसरी कथा

एक अन्य कथा के अनुसार, एक राज्य में सभी लोग एकादशी का व्रत रखते थे। प्रजा से लेकर पशु-पक्षियों तक को एकादशी के दिन अन्न नहीं दिया जाता था। एक दिन किसी दूसरे राज्य का एक व्यक्ति राजा के पास नौकरी मांगने आया। राजा ने उसे काम पर रखते हुए यह शर्त रखी कि तुम्हें रोज सब कुछ खाने को मिलेगा, लेकिन एकादशी के दिन अन्न नहीं मिलेगा। उस व्यक्ति ने शर्त मान ली।
जब एकादशी आई, तो उसे फलाहार दिया गया। लेकिन वह व्यक्ति राजा के सामने जाकर गिड़गिड़ाने लगा कि फलाहार से उसका पेट नहीं भरेगा और वह भूख से मर जाएगा। मजबूर होकर राजा ने उसे आटा, दाल और चावल दे दिए। वह व्यक्ति नदी किनारे गया और भोजन पकाकर भगवान को भोग लगाने के लिए पुकारने लगा, “आओ भगवान भोजन तैयार है।” उसके प्रेमपूर्ण बुलावे पर पीतांबर धारण किए भगवान विष्णु चतुर्भुज रूप में प्रकट हुए और प्रेम से भोजन करके अंतर्ध्यान हो गए।

अगली एकादशी पर उस व्यक्ति ने राजा से दोगुना सामान मांगा और कहा कि पिछली बार मेरे साथ भगवान ने भी भोजन किया था, इसलिए हम दोनों के लिए सामान कम पड़ गया था। राजा को उसकी बात पर विश्वास नहीं हुआ। तब राजा स्वयं नदी के किनारे एक पेड़ के पीछे छिपकर बैठ गया। उस व्यक्ति ने भोजन बनाया और शाम तक भगवान को पुकारता रहा, लेकिन भगवान नहीं आए। अंत में वह बोला, “हे भगवान! यदि आप नहीं आए तो मैं नदी में कूदकर प्राण दे दूंगा।” भक्त की ऐसी निश्छल भक्ति देखकर भगवान विष्णु तुरंत प्रकट हुए और भोजन ग्रहण किया। यह चमत्कार देखकर राजा की आंखें खुल गईं और उसे ज्ञान हुआ कि सच्चे मन व शुद्ध भक्ति से ही ईश्वर की प्राप्ति होती है।

देवउठनी एकादशी व्रत कथा पढ़ने के लाभ

शास्त्रों के अनुसार, देवउठनी एकादशी के दिन इस कथा का पाठ करने या सुनने से जाने-अनजाने में हुए सभी पाप नष्ट हो जाते हैं। व्यक्ति के जीवन से दरिद्रता दूर होती है और घर में भगवान विष्णु के साथ माता लक्ष्मी का स्थायी वास होता है। यह कथा पढ़ने से हजार अश्वमेध यज्ञ और सौ राजसूय यज्ञों के बराबर पुण्य फल की प्राप्ति होती है।