दिल्ली के रामलीला मैदान में आज, 1 नवंबर को विपक्षी गठबंधन INDIA Bloc की बड़ी रैली आयोजित की जा रही है। इस रैली के जरिए विपक्ष कथित वोट चोरी, मतदाता सूची में गड़बड़ी और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधेगा। विपक्ष की प्रमुख मांग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की है।
रैली में विपक्षी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के अलावा छात्र संगठनों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेताओं के भी इसमें पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
कनॉट प्लेस से रामलीला मैदान तक निकलेगी रैली
रैली की शुरुआत कनॉट प्लेस से होगी। यहां से प्रदर्शनकारी मिंटो रोड जंक्शन और अजमेरी गेट होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेंगे। रैली को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
रामलीला मैदान में जुटने लगे विपक्षी नेता और कार्यकर्ता
रामलीला मैदान में कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के नेता और कार्यकर्ता पहुंचने लगे हैं। रैली में शामिल होने के लिए विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के भी पहुंचने की संभावना है। कुछ देर बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी मंच पर पहुंचेंगे।
200 से 250 CCTV कैमरों से रखी जाएगी नजर
रैली की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर ने बताया कि पूरे इलाके में 200 से 250 CCTV कैमरे लगाए गए हैं। आयोजकों ने भी अपना कंट्रोल रूम बनाया है।
उन्होंने कहा, “हम पूरे इलाके की सुरक्षा पक्की करने के लिए आयोजकों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।”
10 लाख लोगों के आने का दावा, पुलिस को 70 हजार की उम्मीद
INDIA Bloc की ओर से रैली में करीब 10 लाख लोगों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है। वहीं, दिल्ली पुलिस को मिले खुफिया इनपुट के मुताबिक, इस कार्यक्रम में लगभग 70 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है।
सुरक्षा में तैनात रहेंगे 4 हजार पुलिसकर्मी
दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान में होने वाली रैली के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए करीब 4,000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा 200 से अधिक CCTV कैमरों के जरिए पूरे इलाके की निगरानी की जाएगी।



