कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने परीक्षा में कथित पेपर लीक मामलों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बचाया जा रहा है। राहुल गांधी ने दावा किया कि देशभर में 152 परीक्षा पेपर लीक हुए, जिससे 7.5 करोड़ छात्र प्रभावित हुए, लेकिन अब तक किसी जिम्मेदार व्यक्ति पर कार्रवाई नहीं हुई।
‘धर्मेंद्र प्रधान को क्यों बचा रहे हैं PM मोदी?’
राहुल गांधी ने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के इतिहास के “सबसे युवा-विरोधी प्रधानमंत्री” हैं।
उन्होंने कहा कि इतने बड़े परीक्षा घोटाले के बावजूद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा तक नहीं लिया गया। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि लाखों मेहनती छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया, लेकिन दोषियों के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई।
‘सजा अपराधियों को नहीं, छात्रों को मिली’
राहुल गांधी ने कहा कि पेपर लीक करने वाले लोग आज भी खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि अपने अधिकारों की मांग करने वाले छात्रों को पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए तो उन्हें हिरासत में लिया गया और बल प्रयोग किया गया। राहुल गांधी ने कहा कि यह सरकार युवाओं की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें दबाने का काम कर रही है।
प्रियंका गांधी ने भी सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी NEET-UG 2026 पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की।
संसद परिसर के बाहर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि “ये हमारे बच्चे हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष शिक्षा नीति और परीक्षा प्रणाली से जुड़े गंभीर मुद्दों पर संसद में चर्चा की मांग कर रहा है, लेकिन सरकार इस पर चर्चा से बच रही है।
‘छात्रों पर आंसू गैस और लाठीचार्ज क्यों?’
प्रियंका गांधी ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में कई गंभीर समस्याएं हैं, जिन पर संसद में चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर आंसू गैस छोड़ने और बल प्रयोग की आवश्यकता क्यों पड़ी।
उनका कहना था कि छात्रों की आवाज सुनने के बजाय सरकार उन्हें दबाने की कोशिश कर रही है।
संसद में भी गूंजा पेपर लीक का मुद्दा
संसद के मॉनसून सत्र के पहले दिन NEET-UG 2026 पेपर लीक और अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में कथित चंदा गबन के मुद्दों पर लोकसभा और राज्यसभा में जोरदार हंगामा देखने को मिला।
कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने दोनों मामलों पर तत्काल चर्चा की मांग की। लगातार नारेबाजी और विरोध के कारण दोनों सदनों की कार्यवाही कई बार बाधित हुई।
13 अगस्त तक चलेगा मानसून सत्र
लगातार हंगामे के बीच लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई। अब संसद की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे से दोबारा शुरू होगी। संसद का मानसून सत्र 13 अगस्त तक जारी रहेगा।







