इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें अच्छा वक्ता, मेहनती और मिलनसार व्यक्ति बताया है। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत स्तर पर प्रधानमंत्री मोदी बेहद दयालु, स्नेही और दूसरों की परवाह करने वाले इंसान हैं। पित्रोदा ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के साथ उनका कोई व्यक्तिगत मतभेद नहीं है। उनके बीच असहमति केवल विचारधारा और राजनीतिक सोच को लेकर है।
पित्रोदा ने समाचार एजेंसी IANS को दिए एक विशेष साक्षात्कार में यह बात कही। उनसे कांग्रेस संसदीय दल (CPP) की अध्यक्ष सोनिया गांधी की उस टिप्पणी को लेकर सवाल किया गया था, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को एक बड़ा वक्ता बताया था।
पीएम मोदी को बताया मेहनती और मिलनसार इंसान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व के बारे में पूछे जाने पर सैम पित्रोदा ने कहा कि वह एक इंसान के तौर पर उनका सम्मान करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी और उनकी पत्नी की प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात हो चुकी है और व्यक्तिगत स्तर पर उनके संबंध अच्छे रहे हैं।
पित्रोदा के मुताबिक, मोदी एक गुजराती मित्र की तरह हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उनके साथ हमेशा आत्मीयता, दयालुता और स्नेह से पेश आए हैं। वह एक अच्छे वक्ता होने के साथ-साथ मेहनती इंसान भी हैं।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री के साथ उनके कोई व्यक्तिगत मतभेद नहीं हैं। एक गुजराती नेता, मित्र और शुभचिंतक के तौर पर उन्हें मोदी से कोई परेशानी नहीं है। वह उनके व्यवहार की सराहना करते हैं।
मतभेद विचारधारा को लेकर, व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं
सैम पित्रोदा ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी असहमति व्यक्तिगत नहीं, बल्कि वैचारिक है। उन्होंने कहा कि वह कई बार गुजरात में प्रधानमंत्री के घर भी जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के विचारों से असहमत होना और उस व्यक्ति के प्रति व्यक्तिगत सम्मान रखना दो अलग-अलग बातें हैं। उन्हें प्रधानमंत्री के दुनिया को देखने के नजरिये और उनकी विचारधारा से असहमति हो सकती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वह व्यक्ति के तौर पर उनका विरोध करते हैं।
असहमति के बावजूद साथ बैठकर कर सकते हैं खाना
पित्रोदा ने अपने विचार रखते हुए कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी की राजनीतिक सोच से असहमत हो सकते हैं, लेकिन उनके साथ बैठकर खाना खा सकते हैं और हंसी-मजाक भी कर सकते हैं। उन्होंने दोहराया कि राजनीतिक और वैचारिक मतभेदों को व्यक्तिगत संबंधों के बीच नहीं लाना चाहिए।
सोनिया गांधी भी कर चुकी हैं पीएम मोदी की तारीफ
गौरतलब है कि वर्ष 2018 में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भाषण कला की तारीफ की थी। उन्होंने मोदी को एक अच्छा वक्ता बताते हुए कहा था कि उन्हें अपने भाषण देने के कौशल पर गर्व है।
हालांकि, सोनिया गांधी ने यह भी टिप्पणी की थी कि प्रधानमंत्री जहां भी जाते हैं, वहां कई बार गलत बातें कहते हैं। अब सैम पित्रोदा के बयान ने राजनीतिक गलियारों में एक नई चर्चा को जन्म दे दिया है।







