National Thoughts Logo
National Thoughts
AWebPortalOfPositiveJournalism

Share Market| चुनाव के नतीजे के बाद बाजार थोड़ा संभला, सेंसेक्स 950 अंक चढ़ा

a
admin
05 जून 2024 को 05:40 am बजे
Featured Image

लोकसभा चुनाव के नतीजे सामने आ चुके है, जिसके बाद मंगलवार चार जून को शेयर बाजार को जबरदस्त ठोकर खानी पड़ी थी। शेयर बाजार में इस दौरान बड़ी गिरावट देखने को मिली थी। वहीं अब चुनाव नतीजे आने के अगले ही दिन भारतीय शेयर बाजार कुछ हद तक संभल रहा है। मंगलवार को बाजार खुलते ही सेंसेक्स 950 अंक ऊपर चढ़ गया है। सेंसेक्स ने इस दौरान 73 हजार का आंकड़ा भी पार कर लिया है।

चुनाव के नतीजे आने के दौरान सेंसेक्स और निफ्टी ने पिछले सत्र में जबरदस्त गिरावट का सामना किया है। वहीं अब उम्मीद थी की बुधवार को बाजार सकारात्मक रुख अपनाएगा। बुधवार को बाजार ने अच्छी ओपनिंग की है। मंगलवार को हुई भारी गिरावट के बाद 30 शेयर वाले बीएसई सेंसेक्स ने कारोबार की शुरुआत हरे निशान पर की है। सेंसेक्स इस दौरान 948.83 अंक चढ़कर 73,027.88 अंक पर पहुंचा। इसके अलावा एनएसई निफ्टी 247.1 अंक ऊपर चढ़कर 22,131.60 अंक पर कारोबार कर रहा है।

आम चुनाव के परिणाम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को उम्मीद से कम बहुमत मिलने से मंगलवार को बाजारों में भारी गिरावट आई थी। सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में से हिंदुस्तान यूनिलीवर, नेस्ले, एशियन पेंट्स, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और आईटीसी के शेयर में सबसे अधिक तेजी आई। लार्सन एंड टूब्रो, पावर ग्रिड, एनटीपीसी और भारतीय स्टेट बैंक के शेयरों को नुकसान हुआ। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी तथा चीन का शंघाई कम्पोजिट फायदे में रहे जबकि हांगकांग का हैंगसेंग और जापान का निक्की नुकसान में रहे।

 

अमेरिकी बाजार मंगलवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77.49 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में मंगलवार को बिकवाल रहे और शुद्ध रूप से 12,436.22 करोड़ रुपये की कीमत के शेयर बेचे। भारत निर्वाचन आयोग ने देश के 543 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 240 और कांग्रेस को 99 सीट पर जीत मिली है। भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को लोकसभा में बहुमत मिल गया है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लिए तैयार हैं।