भारत की युवा स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत सिंह का 2026 सिलिकॉन वैली ओपन में शानदार सफर शनिवार को समाप्त हो गया। अमेरिका के रेडवुड सिटी में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में 18 वर्षीय अनाहत को मलेशिया की तीसरी वरीयता प्राप्त शिवसंगरी सुब्रमण्यम के हाथों हार का सामना करना पड़ा। अनाहत ने पहला गेम जीतकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन सुब्रमण्यम ने वापसी करते हुए अगले तीन गेम अपने नाम कर फाइनल में जगह बना ली।
पहला गेम जीतने के बाद हारीं अनाहत
सेमीफाइनल में अनाहत सिंह ने दमदार खेल दिखाते हुए पहला गेम 11-5 से जीत लिया। इससे मुकाबले में उलटफेर की उम्मीदें बढ़ गई थीं। हालांकि, शिवसंगरी सुब्रमण्यम ने शानदार वापसी की और अगले तीन गेम 11-6, 11-4 और 11-7 से जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
गौरतलब है कि सुब्रमण्यम इससे पहले आइची-नागोया एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक मुकाबले में भी अनाहत को हरा चुकी हैं।
नूर अल शेरबिनी को हराकर किया बड़ा उलटफेर
सेमीफाइनल में हार के बावजूद अनाहत सिंह के लिए यह टूर्नामेंट यादगार रहा। उन्होंने मिस्र की दिग्गज खिलाड़ियों के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए दो बड़ी जीत दर्ज कीं।
क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए अनाहत ने दुनिया की नंबर तीन खिलाड़ी और शीर्ष वरीयता प्राप्त नूर अल शेरबिनी को सीधे गेमों में 11-8, 11-8 और 11-7 से हराया। आठ बार की विश्व चैंपियन के खिलाफ उनकी इस जीत को टूर्नामेंट के बड़े उलटफेरों में गिना गया।
सलमा हनी के खिलाफ भी दिखाई जुझारू क्षमता
इसके बाद अनाहत ने छठी वरीयता प्राप्त मिस्र की सलमा हनी के खिलाफ भी शानदार प्रदर्शन किया। मुकाबले में दो बार पिछड़ने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और 4-11, 11-8, 4-11, 11-2 और 11-5 से जीत दर्ज की।
मैच के आखिरी दो गेम में अनाहत ने अपने खेल का स्तर ऊंचा किया और शानदार वापसी करते हुए जीत हासिल की। उनके इस प्रदर्शन ने उनकी प्रतिभा और दबाव में बेहतर खेलने की क्षमता को उजागर किया।
नूर अल शेरबिनी को हराने पर क्या बोलीं अनाहत?
नूर अल शेरबिनी को हराने के बाद अनाहत सिंह ने कहा था कि उन्हें दुनिया की इतनी बड़ी खिलाड़ी के खिलाफ इतनी शानदार जीत की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने बताया कि मुकाबले से पहले भारतीय राष्ट्रीय कोच ने उनका हौसला बढ़ाया था और कहा था कि बेहतरीन प्रदर्शन करने पर उनके पास जीतने का पूरा मौका है।
अनाहत ने कहा कि उन्होंने शेरबिनी को खेलते हुए देखकर ही स्क्वैश में अपना सफर तय किया है। दोनों के कोच ग्रेग हैं। अनाहत ने शेरबिनी के प्रति सम्मान जताते हुए कहा कि वह अपने करियर में भी उनकी तरह उपलब्धियां हासिल करना चाहती हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि शेरबिनी स्क्वैश जगत के सभी खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा हैं। अनाहत के मुताबिक, उन्हें उम्मीद नहीं थी कि मुकाबला इस तरह उनके पक्ष में जाएगा। उन्हें लगा था कि प्रतिद्वंद्वी की खेल शैली को समझने और अपनी लय हासिल करने में समय लगेगा, लेकिन उनकी रणनीति ने अच्छा काम किया।
हार के बावजूद अनाहत के लिए अहम रहा टूर्नामेंट
सिलिकॉन वैली ओपन में अनाहत सिंह ने विश्व स्तरीय खिलाड़ियों के खिलाफ अपनी क्षमता साबित की। नूर अल शेरबिनी और सलमा हनी के खिलाफ जीत के बाद सेमीफाइनल तक पहुंचना उनके लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।
हालांकि, वह फाइनल में जगह नहीं बना सकीं, लेकिन टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन से भविष्य के लिए काफी उम्मीदें जगी हैं।







