वर्ष 2018 के चर्चित ‘सैंडपेपरगेट’ विवाद को लेकर एक बार फिर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में हलचल तेज हो गई है। इस बीच ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान पैट कमिंस ने कप्तानी छोड़ने की अटकलों को खारिज कर दिया है। अपनी कप्तानी और ईमानदारी पर उठ रहे सवालों के बीच कमिंस ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) के प्रस्तावित फोरम का पूरा समर्थन किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता मैदान पर ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी करना है।
शुक्रवार को सिडनी में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अध्यक्ष डेविड बून और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) टॉड ग्रीनबर्ग के साथ बैठक के बाद कमिंस ने बोर्ड की ओर से जारी बयान में अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि वह 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर गई टीम के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को अपनी बात रखने का अवसर देने वाले फोरम में शामिल होने के लिए तैयार हैं।
फोरम को 100 प्रतिशत समर्थन देंगे कमिंस
पैट कमिंस ने कहा, “शुक्रवार को डेविड और टॉड से बात करना मेरे लिए बहुत मायने रखता है। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान होने के नाते मुझ पर बड़ी जिम्मेदारी है। मैंने इसे कभी हल्के में नहीं लिया और न ही कभी लूंगा।”
उन्होंने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अधिकारियों की तारीफ करते हुए कहा कि मौजूदा मुश्किल हालात से क्रिकेट को बाहर निकालना उनके लिए चुनौतीपूर्ण काम है। उन्होंने 2018 के दौरे से जुड़े खिलाड़ियों और स्टाफ सदस्यों से संपर्क करने के लिए अधिकारियों की सराहना की।
कमिंस ने कहा, “मैं इस फोरम का 100 प्रतिशत समर्थन करता हूं और वहां मौजूद रहूंगा। जिन खिलाड़ियों और स्टाफ सदस्यों से मैंने बात की है, वे भी अपनी बात रखने के लिए उत्सुक हैं। वहां कई मुश्किल बातचीत होंगी, लेकिन ऐसा होना जरूरी है।”
उन्होंने आगे कहा कि अब उनका पूरा ध्यान पर्थ में ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी करने पर रहेगा।
उस्मान ख्वाजा की किताब से फिर चर्चा में आया विवाद
‘सैंडपेपरगेट’ विवाद एक बार फिर उस समय सुर्खियों में आया, जब उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा ‘सब्र’ (Sabr) में संकेत दिया गया कि 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर गेंद से छेड़छाड़ की योजना की जानकारी केवल कैमरन बैनक्रॉफ्ट, स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर को ही नहीं थी।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पैट कमिंस ने इस दावे को खारिज किया था। उन्होंने पूरी टीम को सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी होने के आरोप को “पूरी तरह बकवास” बताया था।
इसके बाद कैमरन बैनक्रॉफ्ट के बयान ने विवाद को और हवा दे दी। उन्होंने दावा किया कि टीम के अन्य खिलाड़ियों को भी इस घटना की जानकारी थी और कमिंस समेत गेंदबाजी समूह के सदस्यों ने गेंद की स्थिति को लेकर चर्चा की थी। बैनक्रॉफ्ट ने कमिंस की प्रेस कॉन्फ्रेंस को अपनी बात सार्वजनिक करने का ‘अंतिम कारण’ बताया।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया बोर्ड ने कमिंस पर जताया भरोसा
विवाद के बीच क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बोर्ड ने सर्वसम्मति से कप्तान पैट कमिंस का समर्थन किया है। शुक्रवार को सिडनी में हुई बैठक में डेविड बून और CEO टॉड ग्रीनबर्ग ने कमिंस की भलाई, टीम को जरूरी सहयोग और आगामी टेस्ट सीरीज की तैयारियों पर चर्चा की।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अध्यक्ष डेविड बून ने कहा कि बोर्ड को उस टीम संस्कृति पर गर्व है, जिसे कमिंस और अन्य नेतृत्वकर्ताओं ने पिछले आठ वर्षों में विकसित किया है। उन्होंने कप्तान की ईमानदारी पर सवाल उठाए जाने को भी खारिज किया।
बून ने कहा, “हमने पैट के प्रति अपना समर्थन जताया है और 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे की घटनाओं से प्रभावित सभी लोगों के प्रति अपनी चिंता भी जाहिर की है।”
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित स्वतंत्र फोरम खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को अपने अनुभव साझा करने का मौका देगा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया उनकी बात सुनने और उनसे सीखने के लिए तैयार है। बोर्ड जल्द ही इस फोरम के नियम और शर्तें जारी कर सकता है।
9 दिसंबर से न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज
विवाद के बीच पैट कमिंस अब अपना ध्यान क्रिकेट पर केंद्रित करना चाहते हैं। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज 9 दिसंबर से पर्थ में शुरू होगी। इसके बाद मुकाबले एडिलेड, मेलबर्न और सिडनी में खेले जाएंगे।
कमिंस के लिए यह सीरीज मैदान पर अपनी कप्तानी और टीम के प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित करने का अहम अवसर होगी।







