National Thoughts Logo
National Thoughts
AWebPortalOfPositiveJournalism

राहुल गांधी की अपील पर स्टालिन का जवाब, बोले- तमिलनाडु के हितों से समझौता नहीं करेंगे

a
admin
29 नवंबर 2026 | 01:57 pm IST
Featured Image

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार के परिसीमन से जुड़े नए विधेयकों का विरोध करते हुए कहा है कि लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 करने से देश का लोकतंत्र प्रभावित होगा। उन्होंने डीएमके प्रमुख और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से इस विधेयक के खिलाफ एकजुट होने की अपील की है।

राहुल गांधी रविवार को विपक्षी दलों के वरिष्ठ नेताओं के साथ चेन्नई पहुंच रहे हैं। यहां कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सोनिया गांधी के साथ उनकी एमके स्टालिन से मुलाकात प्रस्तावित है। हालांकि, डीएमके पहले ही संशोधित परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का फैसला कर चुकी है।

राहुल गांधी ने स्टालिन से की एकजुट होने की अपील

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए एमके स्टालिन को अपना ‘भाई’ बताया। उन्होंने कहा कि लोकसभा की सीटें 850 करने से बीजेपी और आरएसएस को अपने राजनीतिक फायदे के लिए देश का पूरा चुनावी नक्शा बदलने का अवसर मिल सकता है।

राहुल गांधी ने लिखा, “850 सीटें होने से भारत का लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। इससे बीजेपी-आरएसएस को अपने फायदे के लिए भारत का पूरा चुनावी नक्शा दोबारा बनाने की खुली छूट मिल जाएगी।”

उन्होंने आगे कहा कि स्टालिन हमेशा तमिल विरोधी ताकतों के खिलाफ मजबूती से खड़े रहे हैं। देश के हित, तमिलनाडु के हित और संविधान की रक्षा के लिए सभी विपक्षी दलों को मिलकर इस विधेयक को हराना होगा।

राहुल ने यह भी बताया कि विपक्ष के वरिष्ठ नेता डीएमके को विधेयक का विरोध करने के लिए मनाने चेन्नई पहुंच रहे हैं।

स्टालिन का दोटूक जवाब- तमिलनाडु के हितों से पीछे नहीं हटेंगे

राहुल गांधी की अपील पर एमके स्टालिन ने उनका आभार जताया, लेकिन डीएमके के फैसले में बदलाव के कोई संकेत नहीं दिए। उन्होंने एक्स पर लिखा, “संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा में डीएमके की ऐतिहासिक भूमिका को पहचानने के लिए भाई राहुल गांधी का दिल से धन्यवाद। हमने हमेशा हर फैसला तमिलनाडु और तमिल लोगों के हितों को सबसे ऊपर रखकर लिया है। हम इस रास्ते से पीछे नहीं हटेंगे। मुझे भरोसा है कि इतिहास हमें कट्टाबोम्मन के रूप में याद रखेगा, एट्टप्पन के रूप में नहीं।”

दरअसल, कट्टाबोम्मन अंग्रेजों के खिलाफ लड़ने वाले तमिल योद्धा थे, जबकि एट्टप्पन का नाम विश्वासघात के प्रतीक के तौर पर लिया जाता है। स्टालिन के इस बयान से स्पष्ट है कि डीएमके अपने राजनीतिक रुख को तमिलनाडु के हितों और राज्य के अधिकारों से जोड़कर देख रही है।

चेन्नई में स्टालिन और मुंबई में शरद पवार से मिलेंगे विपक्षी नेता

राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सोनिया गांधी रविवार को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे के बीच चेन्नई में एमके स्टालिन से मुलाकात करेंगे। इसके बाद विपक्षी नेता मुंबई रवाना होंगे, जहां रात 8 बजे एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार के साथ बैठक प्रस्तावित है।

इस राजनीतिक प्रयास में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी और आरजेडी व समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधि भी शामिल हो सकते हैं।

इस बीच समाजवादी पार्टी ने संसद के आगामी सत्र को देखते हुए अपने सभी लोकसभा सांसदों को तीन लाइन का व्हिप जारी किया है।

लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव

संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक आयोजित होगा। इसे मानसून सत्र के विस्तार के तौर पर बुलाया गया है। इससे पहले शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने महिला आरक्षण से जुड़े संशोधित विधेयक को मंजूरी दी थी। इसमें परिसीमन से संबंधित बदलाव भी शामिल हैं।

प्रस्ताव के मुताबिक, लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 किया जा सकता है। इसके लिए सभी राज्यों में मौजूदा सीटों की संख्या में समान रूप से 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव है।

इसके अलावा, 2051 तक राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर बनाए रखने और निर्वाचन क्षेत्रों की नई सीमाएं निर्धारित करने के लिए 2011 की जनगणना का इस्तेमाल करने की बात कही गई है।

2029 के चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करने की तैयारी

प्रस्तावित बदलावों के जरिए 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता साफ हो सकता है।

हालांकि, डीएमके और एनसीपी (एसपी) दोनों ही संशोधित विधेयक के समर्थन का ऐलान कर चुकी हैं। ऐसे में कांग्रेस की कोशिश अपने सहयोगी दलों को फैसले पर दोबारा विचार करने और परिसीमन के मुद्दे पर विपक्ष के साथ खड़े होने के लिए मनाने की है।