तमिलनाडु के मदुरै स्थित थिरुपरंकुंड्रम पहाड़ी पर शनिवार (28 नवंबर) को सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद विवादित ‘दीपथून’ पत्थर के खंभे पर कार्तिगई दीपम जलाया गया। इस दौरान पहाड़ी पर स्थित सिकंदर दरगाह में बड़ी संख्या में मुस्लिम श्रद्धालु इबादत के लिए पहुंचे। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे सीआरपीएफ जवानों का हिंदू श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने फूलों की पंखुड़ियां बरसाकर स्वागत किया।
पहाड़ी पर मंदिर और दरगाह दोनों स्थित होने के कारण यह इलाका संवेदनशील माना जाता है। ऐसे में दीप प्रज्ज्वलन के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया कि दरगाह में आने वाले मुस्लिम श्रद्धालुओं की इबादत में किसी तरह की बाधा न आए।
सुबह से ही दरगाह पहुंचने लगे मुस्लिम श्रद्धालु
थिरुपरंकुंड्रम पहाड़ी पर अरुल्मिगि सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर और हजरत सुल्तान सिकंदर बादुशा औलिया दरगाह स्थित हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, स्थानीय इलाकों और पड़ोसी राज्य केरल से आए 100 से अधिक मुस्लिम श्रद्धालु शनिवार सुबह करीब 6:15 बजे पहाड़ी की तलहटी में पहुंचने लगे।
सुरक्षा जांच और पहचान की पुष्टि के बाद उन्हें दरगाह तक जाने की अनुमति दी गई। श्रद्धालुओं ने वहां नमाज अदा की और दुआ मांगी। हालिया पाबंदियों और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद उन्हें इबादत करने से नहीं रोका गया।
शाम 5 बजे दीपथून पर प्रज्ज्वलित किया गया दीप
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5 बजे विवादित दीपथून पर पारंपरिक दीप जलाया गया। पहाड़ी पर आयोजित कार्यक्रम में केवल 50 श्रद्धालुओं को जाने की अनुमति दी गई थी, जबकि तलहटी में हजारों लोग इस ऐतिहासिक घटनाक्रम को देखने के लिए मौजूद रहे।
कार्यक्रम की निगरानी के लिए सुप्रीम कोर्ट की ओर से नियुक्त मद्रास हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस एस. वैद्यनाथन और जस्टिस वी. पार्थिबन भी मौके पर पहुंचे। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने पुजारियों को पारंपरिक तांबे का पात्र (कोप्पराई) सौंपा।
दीप प्रज्ज्वलन के लिए एक अस्थायी मचान भी तैयार किया गया था। सीआरपीएफ और रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) के जवानों ने दरगाह के आसपास 50 मीटर का सुरक्षा घेरा बनाया। इसका उद्देश्य सुरक्षा बनाए रखने के साथ-साथ दरगाह आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारु रखना था।
CRPF जवानों पर श्रद्धालुओं ने बरसाए फूल
दीप जलाने के कार्यक्रम के दौरान सीआरपीएफ जवानों का स्थानीय लोगों और हिंदू श्रद्धालुओं ने फूलों की पंखुड़ियां बरसाकर स्वागत किया। सामने आए दृश्यों में लोग पहाड़ी की तलहटी में पहुंचे जवानों और उनके वाहनों पर फूल बरसाते नजर आए।
संभावित तनाव को देखते हुए पहाड़ी की सुरक्षा सीआरपीएफ को सौंपी गई थी। रातोंरात सीआरपीएफ की एक कंपनी और आरएएफ की टुकड़ियां मंदिर परिसर के पास तैनात कर दी गई थीं। पहाड़ी पर जाने वाले रास्तों पर जांच चौकियां भी बनाई गईं।
सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिया था कि सीआरपीएफ मंदिर और दरगाह, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करे। साथ ही मुस्लिम श्रद्धालुओं को दरगाह और मस्जिद में इबादत करने से न रोका जाए। दूसरी ओर, तमिलनाडु पुलिस के जवान तलहटी में लोगों का पंजीकरण, पहचान की जांच और आवाजाही की व्यवस्था संभाल रहे थे।
सुप्रीम कोर्ट ने दीपथून पर दीप जलाने का आदेश क्यों दिया?
इस पूरे विवाद की शुरुआत दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर हुई कानूनी लड़ाई से हुई थी। 20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने एक बार की व्यवस्था के तहत विवादित दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दी थी।
हालांकि, 24 नवंबर को कार्तिगई दीपम उत्सव के दौरान निर्धारित स्थान के बजाय उचिपिल्लयार मंदिर के पास दीप जलाया गया। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं करने का आरोप लगाते हुए तमिलनाडु सरकार के अधिकारियों और मंदिर प्रशासन के खिलाफ अवमानना याचिकाएं दायर की गईं।
याचिकाकर्ता रामा रविकुमार ने अपनी याचिका में यह सवाल भी उठाया कि क्या मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय या उनके किसी मंत्री ने अधिकारियों को सुप्रीम कोर्ट का आदेश लागू नहीं करने के निर्देश दिए थे।
अधिकारियों को सुप्रीम कोर्ट का अवमानना नोटिस
मामले की सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की पीठ ने शुक्रवार (27 नवंबर) को तमिलनाडु के मुख्य सचिव एम. साई कुमार, पुलिस महानिदेशक महेश अग्रवाल समेत 13 अन्य अधिकारियों और मंदिर पदाधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किए।
पीठ ने कहा कि पूरे घटनाक्रम से ऐसा प्रतीत होता है कि अधिकारी अपने राजनीतिक आकाओं के इशारे पर काम कर रहे थे। अदालत ने कहा कि न्यायपालिका की गरिमा और न्याय व्यवस्था की शुचिता बनाए रखने के लिए इस मामले की जांच जरूरी है।
हालांकि, मुख्यमंत्री को व्यक्तिगत रूप से अवमानना नोटिस जारी नहीं किया गया। सुप्रीम कोर्ट ने मुख्य सचिव से फोन कॉल, संदेशों और बैठकों सहित इस मामले से जुड़े सभी संवादों की जानकारी हलफनामे में देने को कहा।
नोटिस पाने वाले अधिकारियों को 15 दिसंबर को अदालत में पेश होकर अपना जवाब देना होगा। इसी सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने शनिवार (28 नवंबर) को दीपथून पर दीप जलाने का निर्देश भी दिया था।
10 दिसंबर को दरगाह में आयोजित होगा सालाना उर्स
शुक्रवार को सुनवाई के दौरान दरगाह की ओर से पेश हुए वरिष्ठ वकील ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि सामान्य दिनों में दरगाह में करीब 100 से 200 श्रद्धालु आते हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि दरगाह का सालाना उर्स यानी संथानकुडू उत्सव 10 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत मंदिर और दरगाह, दोनों स्थानों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। प्रशासन की कोशिश रही कि कार्तिगई दीपम का कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो और दरगाह में होने वाली धार्मिक गतिविधियों पर भी कोई असर न पड़े।







