गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि राज्य पुलिस ने 14 कथित घुसपैठियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हालांकि, उन्होंने गिरफ्तार लोगों की पहचान या अन्य विस्तृत जानकारी साझा नहीं की।
‘हर घुसपैठ की कोशिश को किया जा रहा नाकाम’
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच X पर पोस्ट करते हुए कहा कि असम में लगातार घुसपैठ की कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन राज्य सरकार और पुलिस पूरी सतर्कता के साथ उन्हें विफल कर रही है।
उन्होंने लिखा कि “हर दिन घुसपैठिए असम में अपने नापाक मंसूबों को अंजाम देने की कोशिश करते हैं, लेकिन हम लगातार उनकी योजनाओं को नाकाम कर रहे हैं। असम पुलिस ने ऐसे 14 घुसपैठियों को पकड़ लिया है और उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की गई है। असम पूरी तरह सतर्क है।”
पिछले 10 वर्षों में 2,100 से अधिक अवैध विदेशी भेजे गए वापस
राज्य सरकार ने हाल ही में विधानसभा में जानकारी दी थी कि पिछले 10 वर्षों के दौरान असम से करीब 2,100 अवैध विदेशियों को निर्वासित, निष्कासित या उनके देश वापस भेजा गया है।
इनमें 2,023 बांग्लादेशी नागरिक शामिल थे। सरकार का कहना है कि अवैध घुसपैठ रोकने और सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
सीमा सुरक्षा पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार अवैध घुसपैठ के मामलों को लेकर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सीमावर्ती इलाकों में लगातार निगरानी बनाए हुए हैं ताकि किसी भी अवैध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।







