भाई दूज व्रत कथा : कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को भाई दूज का पर्व मनाते हैं। इस दिन बहनें अपने भाईयों को तिलक लगाकर उज्ज्वल भविष्य और दीर्घायु की कामना करती है। आइए जानते हैं यमुना और यमराज की की ये प्रचलित कथा
हिंदू पंचांग के अनुसार, हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को भाई दूज का पर्व मनाया जाता है। इस साल द्वितीया तिथि आज यानी 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे शुरू होगी, जो 11 नवंबर को दोपहर 3 बजकर 53 मिनट पर समाप्त होगी। ऐसे में उदया तिथि के हिसाब से भैया दूज का पर्व 11 नवंबर 2026 को मनाया जाएगा। भाई-बहन के प्रेम का प्रतीत भाई दूज धूमधाम से मनाया जाता हैं। इस दिन बहनें भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी आयु, उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हैं।
भैया दूज के दिन विवाहित बहनें भाइयों को अपने घर आमंत्रित करती हैं। इसके बाद उन्हें नारियल भेंट करने के साथ भोजन कराती है। इसके साथ ही तिलक करती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भैया दूज को बहन के घर जाकर भोजन करने से भाई की आयु बढ़ती है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। इसे यम द्वितीया भी कहा जाता है। इस दिन यमुना जी और यमराज की ये कथा काफी प्रचलित है। जानिए भाई दूज से जुड़ी पौराणिक कथा…
कब है भाई दूज 2026?
द्रिक पंचांग के अनुसार, इस साल भाई दूज का पर्व 11 नवंबर 2026, बुधवार को मनाया जा रहा है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे शुरू होगी और 11 नवंबर को दोपहर 3 बजकर 53 मिनट तक रहेगी।
भाई दूज पर तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त
द्रिक पंचांग के अनुसार, भाई दूज का तिलक लगाने का शुभ समय 11 नवंबर को दोपहर 1 बजकर 10 मिनट से 3 बजकर 20 मिनट तक रहेगा।
भाई दूज 2026 कथा
इस पर्व से जुड़ी पहली पौराणिक कथा के अनुसार, भाई दूज के दिन ही यमराज अपनी बहन यमुना के घर पधारे थे। इसी घटना से भाई दूज या यम द्वितीया मनाने की परंपरा की शुरुआत हुई। सूर्यपुत्र यम और यमी (यमुना) भाई-बहन थे। यमुना ने कई बार अपने भाई को घर आने के लिए आमंत्रित किया, और एक दिन यमराज उसके घर पहुंचे। यमुना ने उनका स्नेहपूर्वक स्वागत किया, उन्हें भोजन कराया और तिलक लगाकर उनके सुखमय जीवन की कामना की।
विदा लेते समय जब यमराज ने बहन यमुना को वरदान मांगने के लिए कहा, तो उसने कहा कि आप प्रतिवर्ष इस दिन मेरे घर अवश्य आएं और जो बहन इस दिन अपने भाई का तिलक करे, उसे कभी आपका भय न हो।”
यमुना की यह बात सुनकर यमराज अत्यंत प्रसन्न हुए और उसे यह वरदान दिया। तभी से भाई दूज का यह पावन पर्व मनाया जाने लगा।
भाई दूज की दूसरी कथा
इस पर्व से जुड़ी दूसरी कथा के अनुसार, भाई दूज के दिन ही भगवान श्रीकृष्ण ने नरकासुर राक्षस का वध कर द्वारका लौटने पर अपनी बहन सुभद्रा से भेंट की थी। सुभद्रा ने फल, फूल, मिठाइयों और दीपों से उनका स्वागत किया तथा भगवान कृष्ण के मस्तक पर तिलक लगाकर उनके दीर्घायु और कल्याण की कामना की। तभी से भाई-बहन के प्रेम और सुरक्षा के प्रतीक रूप में भाई दूज पर्व मनाया जाता है।







