नई दिल्ली। पश्चिम विहार में आगामी 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले भव्य श्रीरामलीला महोत्सव के लिए रविवार को डीडीए ग्राउंड, रेडिसन होटल के पास भूमि पूजन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान विधिवत पूजा-अर्चना के साथ रामलीला मंचन की तैयारियों का शुभारंभ हुआ। पश्चिम विहार की यह रामलीला पिछले करीब 46 वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही है और क्षेत्र की प्रमुख रामलीलाओं में शामिल है।
भूमि पूजन में गणमान्य लोग हुए शामिल
पश्चिम विहार रामलीला कमेटी के चेयरमैन योगेश शर्मा टीटू, प्रधान भारत भूषण दुआ और महामंत्री अश्वनी बागड़ी ने बताया कि क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवी एवं रामलीला कमेटी के मुख्य प्रेरणास्रोत नरेश कुमार ऐरन और उनकी धर्मपत्नी सुनीता ऐरन सहित कई गणमान्य लोगों ने भूमि पूजन में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने दीप प्रज्वलित किया, जबकि सांसद योगेंद्र चंदौलिया ने भगवान श्रीराम की ध्वजा फहराई। विधायक राजकुमार भाटिया, निगम पार्षद शिखा भारद्वाज, विनीत वोहरा, मोनिका गोयल और केशवपुरम जिला अध्यक्ष अजय खटाना सहित कई लोग मुख्य रूप से मौजूद रहे।
कलाकारों ने किया रामलीला के प्रमुख दृश्यों का मंचन
भूमि पूजन समारोह के अवसर पर रामलीला के कलाकारों ने प्रभु श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रमुख प्रसंगों का मंचन भी किया। आयोजकों के अनुसार, आगामी 20 अक्टूबर को भव्य दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
रामलीला के आयोजन में राजेंद्र कात्याल, आशीष खंडेलवाल, संजय त्यागी, गौरव अग्रवाल, प्रकाश चंद जैन, सतीश राम गोयल, दर्शन गोयल, सुभाष गुप्ता, संजय गुप्ता और पंकज अग्रवाल का विशेष योगदान रहता है।
1981 से लगातार हो रहा रामलीला महोत्सव
रामलीला कमेटी के महामंत्री अश्वनी बागड़ी ने मंच संचालन करते हुए बताया कि वर्ष 1981 से लगातार रामलीला महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन की खास विशेषता यह है कि पश्चिम विहार क्षेत्र के स्थानीय परिवारों के बच्चे ही रामलीला के विभिन्न पात्रों की भूमिका निभाते हैं।
रामलीला मैदान में दिखेगा राममय माहौल
क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवी धर्मेंद्र सोलंकी ने कहा कि रामलीला मंचन के दौरान पूरा रामलीला मैदान भक्तिमय और राममय वातावरण में बदल जाता है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष क्षेत्र के लोग बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ श्रीरामलीला महोत्सव में शामिल होते हैं।







