रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ (Bigg Boss 20) में हर दिन नए समीकरण बनते और बिगड़ते नजर आ रहे हैं। शो के ताजा एपिसोड और आगामी प्रोमो में दर्शकों को इमोशनल ड्रामा, तीखी बहस और रिश्तों की उलझन देखने को मिली। घर में उस समय सभी हैरान रह गए, जब कंटेस्टेंट स्काउट (Scout) ने अचानक खुद अपने बाल काट लिए और फूट-फूटकर रोने लगे। इस दौरान यंग (Young) ने उन्हें गले लगाकर संभाला और दिलासा दिया। वहीं, दूसरी ओर लव (Love), आम्रपाली (Amrapali), माही विज (Mahhi Vij) और कनिका (Kanika) के बीच चल रही खींचतान ने घर का माहौल गरमा दिया।
यंग ने स्काउट को गले लगाकर दिया सहारा
बिग बॉस के घर में स्काउट ने अचानक अपने बाल खुद काट लिए। इसके बाद वह भावुक होकर रोने लगे। उन्हें इस हालत में देखकर यंग उनके पास पहुंचीं और गले लगाकर रोने की वजह पूछी।
स्काउट ने बताया कि वह अपनी गलतियों को लेकर परेशान हैं। खासतौर पर कई घरवालों के साथ हुई बहस को लेकर उन्हें पछतावा हो रहा है। इस पर यंग ने कहा, “तुम मुझसे झूठ नहीं बोल सकते। मैं तुम्हारी आंखों में देखकर बता सकती हूं कि तुम असल में क्यों रो रहे हो।”
लव, आम्रपाली और स्काउट के बीच बढ़ा विवाद
शो में लव गिल और आम्रपाली के बीच भी विवाद देखने को मिला। लव ने दावा किया कि स्काउट ने उनसे कहा था कि वह आम्रपाली की वजह से रो रहे हैं। जब आम्रपाली ने स्काउट से इस बारे में सवाल किया तो उन्होंने इस बात से इनकार कर दिया।
इसके बाद यंग ने भी स्काउट से पूछा कि क्या वह लव की वजह से परेशान हैं? इस पर स्काउट ने साफ कहा कि ऐसा भी नहीं है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद स्काउट, लव, आम्रपाली और यंग के बीच बहस शुरू हो गई। स्काउट खुद भी अपनी भावनाओं को लेकर उलझन में नजर आए।
यंग और स्काउट के बीच हुई सुलह
विवाद के बाद यंग ने एक बार फिर स्काउट से बातचीत की और उन्हें हालात को सही नजरिए से समझने की सलाह दी। बातचीत के बाद दोनों के बीच सुलह हो गई और उनके रिश्ते में फिर से सहजता देखने को मिली।
दोनों ने माना कि भविष्य में उनके बीच मतभेद हो सकते हैं, लेकिन अब वे एक-दूसरे को भाई-बहन की तरह मानते हैं। इस बातचीत के बाद घर में कुछ समय के लिए तनाव कम होता नजर आया।
माही विज ने लव और स्काउट के रिश्ते पर उठाए सवाल
शो के नए प्रोमो में माही विज और काजी के बीच लव और स्काउट के रिश्ते को लेकर बातचीत दिखाई गई। माही ने काजी से सवाल किया कि आखिर लव और स्काउट के बीच चल रही यह स्थिति कब तक जारी रहेगी।
इस पर काजी ने लव को चालाक बताते हुए कहा, “मुझे लगता है कि यह लड़की स्काउट के साथ खेल खेल रही है।”
वहीं, माही विज ने कहा कि वह और स्काउट भी भाई-बहन की तरह हैं, लेकिन लव और स्काउट के बीच की परिस्थितियां काफी उलझी हुई नजर आ रही हैं। स्काउट को लेकर उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि यह लड़का खुद ही किसी जाल में फंस गया है।”
कनिका ने लव और स्काउट की दोस्ती पर उठाया सवाल
प्रोमो के एक अन्य हिस्से में स्काउट काजी से मदद मांगते हुए उन्हें अपने साथ बाथरूम में चलने के लिए कहते हैं, लेकिन काजी मना कर देते हैं। इसके बाद स्काउट खुद अपने बाल काट लेते हैं। उनकी इस हरकत से घर के बाकी सदस्य भी हैरान रह जाते हैं।
कुछ घरवालों को लगता है कि स्काउट ने गुस्से में ऐसा किया, जबकि कुछ उनके व्यवहार को लेकर चिंता जताते नजर आते हैं।
इसी बीच कनिका लव से कहती हैं, “तुम मानो या न मानो, लोग तुम्हारे बारे में ही बात कर रहे हैं।”
कनिका की इस टिप्पणी ने एक बार फिर लव और स्काउट के रिश्ते को लेकर घर में चर्चा शुरू कर दी है। अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले एपिसोड में दोनों के बीच की उलझन किस तरह सुलझती है और इस पूरे मामले का घर के समीकरणों पर क्या असर पड़ता है।







