National Thoughts Logo
National Thoughts
AWebPortalOfPositiveJournalism

TRAI की स्पैम पर बड़ी कार्रवाई, 1.24 लाख से अधिक टेलीकॉम कनेक्शन बंद

a
admin
14 नवंबर 2026 | 02:18 pm IST
Featured Image

दूरसंचार नियामक भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने अवांछित वाणिज्यिक संचार (UCC) यानी स्पैम कॉल और मैसेज पर अंकुश लगाने के लिए बड़ी कार्रवाई की है। चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के दौरान नियामक ने 1.24 लाख से अधिक दूरसंचार संसाधनों के खिलाफ कार्रवाई की। इसके अलावा, नियमों का उल्लंघन करने वाली 374 संस्थाओं को एक साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया।

पहली बार नियम तोड़ने पर 15 दिन की पाबंदी

ट्राई की दूसरी तिमाही की रिपोर्ट के मुताबिक, पहली बार नियमों का उल्लंघन करने पर 1,10,325 दूरसंचार संसाधनों की आउटगोइंग सेवाएं 15 दिनों के लिए बंद कर दी गईं। वहीं, बार-बार नियमों का उल्लंघन करने पर 13,777 मोबाइल कनेक्शन एक साल के लिए काट दिए गए।

नियामक ने इस दौरान 3,725 एसएमएस हेडर भी ब्लॉक किए। इसके साथ ही स्पैम संदेश भेजने वाली 374 संस्थाओं को एक साल के लिए प्रतिबंधित किया गया। इस अवधि में ये संस्थाएं नए दूरसंचार संसाधन भी हासिल नहीं कर सकेंगी।

तीन महीने में मिलीं 15.29 लाख शिकायतें

रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई से सितंबर 2026 के बीच ट्राई को अवांछित वाणिज्यिक संचार से जुड़ी कुल 15.29 लाख शिकायतें मिलीं। इनमें से 7.23 लाख शिकायतों को कार्रवाई योग्य पाया गया।

इस अवधि में देश के दूरसंचार नेटवर्क के जरिए 714.01 अरब कॉल और 702.28 अरब एसएमएस भेजे गए। शिकायतों की दर प्रति 10 लाख आउटगोइंग कॉल पर लगभग 2.14 रही।

स्पैम की शिकायत के लिए DND ऐप सबसे लोकप्रिय

स्पैम कॉल और मैसेज की शिकायत दर्ज कराने के लिए ट्राई का ‘डू नॉट डिस्टर्ब’ (DND) ऐप सबसे प्रमुख माध्यम बना हुआ है। दूसरी तिमाही में दर्ज कुल शिकायतों में से 14.21 लाख यानी 92.9 प्रतिशत शिकायतें इसी ऐप के जरिए दर्ज की गईं।

ट्राई के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 तक इस ऐप को कुल 42.36 लाख बार डाउनलोड किया जा चुका था। इससे पता चलता है कि स्पैम संचार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए बड़ी संख्या में उपभोक्ता इस ऐप का इस्तेमाल कर रहे हैं।

AI सिस्टम ने 19.9 अरब कॉल और मैसेज को स्पैम के रूप में पहचाना

स्पैम पर नियंत्रण के लिए दूरसंचार कंपनियां कृत्रिम मेधा (AI) आधारित प्रणालियों का भी इस्तेमाल कर रही हैं। ट्राई की रिपोर्ट के अनुसार, इन प्रणालियों ने दूसरी तिमाही के दौरान 19.9 अरब इनकमिंग कॉल और एसएमएस को संभावित स्पैम के रूप में चिह्नित किया।

इनमें 18.28 अरब कॉल और 1.62 अरब एसएमएस शामिल हैं। इसके अलावा, दूरसंचार कंपनियों ने संदिग्ध स्पैम संदेश भेजने वाली संस्थाओं को 45.9 लाख से अधिक चेतावनी संदेश जारी किए।

ट्राई की इस कार्रवाई का उद्देश्य मोबाइल उपभोक्ताओं को अनचाहे कॉल और मैसेज से राहत दिलाना तथा दूरसंचार नेटवर्क पर स्पैम गतिविधियों को नियंत्रित करना है।