फसल समाधान उपलब्ध कराने वाली कंपनी क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन लिमिटेड अपना 456 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) 18 नवंबर को लेकर आ रही है। कंपनी ने आईपीओ के लिए 259 से 272 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। शुक्रवार को जारी सार्वजनिक घोषणा के अनुसार, यह आईपीओ तीन दिनों तक खुला रहेगा और 20 नवंबर को बंद होगा।
17 नवंबर को एंकर निवेशकों के लिए खुलेगा IPO
कंपनी के आईपीओ में बड़े यानी एंकर निवेशक 17 नवंबर को बोली लगा सकेंगे। कुल 456 करोड़ रुपये के इस निर्गम में 355 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 101 करोड़ रुपये तक के शेयरों की बिक्री पेशकश (OFS) की जाएगी।
कर्ज चुकाने और कारोबार विस्तार में होगा राशि का इस्तेमाल
आईपीओ के तहत नए शेयरों से मिलने वाली राशि का इस्तेमाल कंपनी और उसकी अनुषंगी इकाई सैफायर क्रॉप साइंस द्वारा लिए गए कर्ज को चुकाने में किया जाएगा। इसके अलावा, कंपनी इस राशि का उपयोग रणनीतिक पहलों के वित्तपोषण और सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों को पूरा करने के लिए भी करेगी।
1994 में हुई थी कंपनी की स्थापना
वर्ष 1994 में स्थापित क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन लिमिटेड फसल समाधान उपलब्ध कराने वाली प्रमुख कंपनियों में शामिल है। कंपनी के उत्पादों में कृषि रसायन और बीज प्रमुख रूप से शामिल हैं।
कंपनी के शेयरों को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।







