भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शुक्रवार को कुमामोटो मास्टर्स जापान सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली। हालांकि, अनुभवी भारतीय खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत को क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा और उनका टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया।
विश्व रैंकिंग में 13वें स्थान पर काबिज लक्ष्य सेन ने 40 मिनट तक चले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जापान के युशी तनाका को सीधे गेम में 21-16, 21-15 से हराया।
वर्ल्ड टूर फाइनल्स के लिए लक्ष्य सेन की नजरें शीर्ष आठ पर
लक्ष्य सेन के लिए यह जीत काफी अहम है। उन्हें चीन में होने वाले सत्र के आखिरी टूर्नामेंट बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल्स के लिए क्वालीफाई करने के वास्ते वर्ल्ड टूर रैंकिंग के शीर्ष आठ खिलाड़ियों में जगह बनानी होगी।
हाल ही में हाइलो ओपन का खिताब जीतने वाले आठवीं वरीयता प्राप्त लक्ष्य सेन फिलहाल 64,980 अंकों के साथ बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर रैंकिंग में 12वें स्थान पर हैं।
सेमीफाइनल में उनका मुकाबला छठी वरीयता प्राप्त इंडोनेशिया के अल्वी फरहान से होगा। विश्व रैंकिंग में 10वें स्थान पर मौजूद फरहान के खिलाफ लक्ष्य सेन अब तक दो मुकाबले खेल चुके हैं और दोनों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।
किदांबी श्रीकांत क्वार्टर फाइनल में हारे
दूसरी ओर, विश्व रैंकिंग में 31वें स्थान पर मौजूद किदांबी श्रीकांत एक बार फिर अपना प्रदर्शन बरकरार रखने में नाकाम रहे। उन्हें जापान के कोकी वातानाबे ने 22-24, 15-21 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
विश्व रैंकिंग में 15वें स्थान पर काबिज वातानाबे के खिलाफ श्रीकांत ने पहले गेम में कड़ी टक्कर दी, लेकिन वह इसे करीबी अंतर से गंवा बैठे। दूसरे गेम में भी उन्होंने शुरुआत में अच्छा प्रदर्शन किया, मगर बढ़त को जीत में नहीं बदल सके।
12-5 की बढ़त गंवाकर श्रीकांत ने खोया मैच
श्रीकांत ने बृहस्पतिवार को जापान के आठवीं रैंकिंग वाले खिलाड़ी और दो बार के विश्व चैंपियनशिप रजत पदक विजेता कोडाई नाराओका को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी। हालांकि, वातानाबे के खिलाफ वह अपनी पिछली जीत की लय बरकरार नहीं रख पाए।
विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता श्रीकांत ने पहला गेम करीबी अंतर से गंवाने के बाद दूसरे गेम में 12-5 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली थी। लेकिन इसके बाद उन्होंने कई गलतियां कीं और मैच पर से अपनी पकड़ खो दी।
वातानाबे ने इसका फायदा उठाते हुए अंतिम 19 में से 16 अंक अपने नाम किए और सीधे गेम में जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।







