नई दिल्ली। अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा की खराब फॉर्म को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इस बीच भारतीय टीम मंगलवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे एकदिवसीय मुकाबले में जीत दर्ज कर पांच मैचों की सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। हालांकि, तेज गेंदबाजों के अनुकूल परिस्थितियां भारतीय शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के लिए चुनौती बन सकती हैं।
भारत पांच मैचों की सीरीज में 2-0 से आगे है। दूसरे मुकाबले में विराट कोहली की शानदार पारी को छोड़ दें तो कप्तान शुभमन गिल, रोहित शर्मा और अन्य बल्लेबाज तेज गेंदबाजों के सामने सहज नजर नहीं आए हैं।
सीरीज जीतकर टेस्ट की तैयारी करना चाहेंगे गिल
शुभमन गिल की कोशिश तीसरे मुकाबले में ही सीरीज अपने नाम करने की होगी, क्योंकि वह अंतिम दो एकदिवसीय मैचों में नहीं खेलेंगे। उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में होने वाली टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए लाल गेंद के क्रिकेट पर ध्यान देना होगा।
तीसरे वनडे में अच्छी पारी खेलकर सीरीज जीतने से गिल का टेस्ट सीरीज से पहले आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। अंतिम दो मुकाबलों में श्रेयस अय्यर भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे। ये दोनों मैच टाउरंगा में खेले जाएंगे।
रोहित शर्मा पर रहेंगी सबकी निगाहें
सेडन पार्क में होने वाला तीसरा मुकाबला भी बारिश से प्रभावित हो सकता है। ठंड और नमी के कारण तेज गेंदबाजों को अतिरिक्त स्विंग और उछाल मिलने की संभावना है। ऐसे में 39 वर्षीय पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को शुरुआती दो मैचों के खराब प्रदर्शन से उबरना होगा। उन्होंने पहले मुकाबले में शून्य और दूसरे में 23 रन बनाए थे।
पिछले एक साल में रोहित ने अपने बल्लेबाजी के अंदाज में बदलाव किया है। अब वह आक्रामक बल्लेबाजी करने से पहले पारी की मजबूत नींव रखने को प्राथमिकता देते हैं। 2023 वनडे विश्व कप तक उनके खेलने के अंदाज की तुलना में यह बड़ा बदलाव है। हालांकि, इस रणनीति के परिणाम अब तक मिले-जुले रहे हैं।
न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में संभलकर बल्लेबाजी करना जरूरी है, लेकिन रोहित शुरुआती दोनों मुकाबलों में सहज नजर नहीं आए। दूसरी ओर, विराट कोहली ने दूसरे वनडे में कम समय तक क्रीज पर रहने के बावजूद शानदार लय दिखाई।
चयन और बल्लेबाजी क्रम पर भी नजर
अजीत अगरकर के चयन समिति के अध्यक्ष पद से हटने के बाद सफेद गेंद के क्रिकेट में रोहित के भविष्य को लेकर बनी अनिश्चितता खत्म हुई है। हालांकि, उन्हें आलोचनाओं का जवाब देने के लिए चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में लगातार रन बनाने होंगे।
भारतीय टीम के विजयी संयोजन में बदलाव की संभावना कम है। लेकिन मुख्य कोच गौतम गंभीर पांचवें नंबर पर केएल राहुल से पहले अक्षर पटेल को भेजने की रणनीति पर दोबारा विचार कर सकते हैं।
राहुल ने दूसरे वनडे में नाबाद 26 रन बनाकर टीम को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला था। अक्षर को उनसे पहले भेजने का फैसला मध्यक्रम में बाएं हाथ के बल्लेबाज की मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए किया गया था, क्योंकि शीर्ष चारों बल्लेबाज दाएं हाथ के हैं।
हालांकि, अतिरिक्त स्विंग और असमान उछाल वाली परिस्थितियां अक्षर की बल्लेबाजी के अनुकूल नहीं मानी जा रही हैं। वह टीम में एकमात्र विशेषज्ञ स्पिनर भी हैं। ऐसे में उनके स्थान पर इशान किशन जैसे आक्रामक बल्लेबाज को उतारने का विकल्प भी मौजूद है।
उम्मीद है कि अंतिम दो मुकाबलों में इशान किशन विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि केएल राहुल टेस्ट टीम से जुड़ेंगे।
भारतीय गेंदबाजों ने किया प्रभावशाली प्रदर्शन
तेज गेंदबाजी विभाग में आकिब नबी ने विकेट लेकर प्रभावित किया है। वहीं, गुरनूर बरार, अंशुल कंबोज और अर्शदीप सिंह ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है।
हालांकि, गेंदबाजों की सफलता में अनुकूल मौसम और पिच की परिस्थितियों की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। टेस्ट सीरीज शुरू होने में केवल 10 दिन बाकी हैं। ऐसे में मोहम्मद सिराज को तीसरे वनडे में खिलाने की जरूरत पर भी सवाल उठ सकते हैं।
चोटों से जूझ रही न्यूजीलैंड की टीम
दूसरी ओर, घरेलू परिस्थितियों में न्यूजीलैंड का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। कप्तान मिचेल सैंटनर दोनों मुकाबलों में टॉस हार गए, जिसके कारण टीम को परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाने का मौका नहीं मिला।
पहले दो मैचों में न्यूजीलैंड के शीर्ष क्रम का संघर्ष चिंता का विषय रहा है। इससे गेंदबाजी इकाई पर भी दबाव बढ़ा है। डेवोन कॉनवे को कनकशन और रचिन रविंद्र को चोट लगने से मेजबान टीम की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
आमतौर पर भरोसेमंद प्रदर्शन करने वाले टॉम लैथम भी रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। वहीं, टिम साइफर्ट, विल यंग और हेनरी निकोल्स भी शीर्ष क्रम में प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे हैं।
ब्लेयर टिकनर की कमी खलेगी
न्यूजीलैंड को तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर की कमी खल सकती है। कनकशन के कारण वह उपलब्ध नहीं हैं। उनकी जगह भारत ए के खिलाफ हाल में अनौपचारिक टेस्ट खेलने वाले क्रिस्टियन क्लार्क को टीम में शामिल किया गया है।
टॉम लैथम और हेनरी निकोल्स के लिए तीसरा वनडे टेस्ट टीम से जुड़ने से पहले रन बनाने का आखिरी मौका होगा। दोनों अनुभवी बल्लेबाज शुरुआती दो मैचों में संघर्ष करते रहे हैं और टेस्ट सीरीज से पहले आत्मविश्वास हासिल करना चाहेंगे।
दोनों टीमों की संभावित टीम
न्यूजीलैंड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, काइल जेमीसन, निक केली, टॉम लैथम, डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, टिम साइफर्ट, नाथन स्मिथ और विल यंग।
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, अक्षर पटेल, नमन धीर, अंशुल कंबोज, आकिब नबी, गुरनूर बरार, अर्शदीप सिंह, इशान किशन, मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव।
मैच का समय: मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 7:30 बजे शुरू होगा।







