एनवीडिया (Nvidia) के सीईओ पद से जेन्सेन हुआंग के इस्तीफे की खबरों के बीच कंपनी के नेतृत्व को लेकर बड़ा खुलासा सामने आया है। बताया जा रहा है कि हुआंग ने कभी कंपनी की मौजूदा कार्यकारी उपाध्यक्ष और मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) कोलेट क्रेस का भरी बैठक में मजाक उड़ाया था। दिलचस्प बात यह है कि अब उन्हीं कोलेट क्रेस को कंपनी का अंतरिम सीईओ नियुक्त किया गया है। जब तक स्थायी उत्तराधिकारी की नियुक्ति नहीं होती, तब तक वह इस जिम्मेदारी के साथ CFO का पद भी संभालती रहेंगी।
भरी मीटिंग में हुआ था कोलेट क्रेस का अपमान
वॉल स्ट्रीट जर्नल (WSJ) की रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल अगस्त में जेन्सेन हुआंग ने कंपनी के शीर्ष वित्त अधिकारियों की एक बैठक बुलाई थी। बैठक का उद्देश्य उन कंपनियों को अरबों डॉलर की वित्तीय गारंटी देने से जुड़ी चिंताओं पर चर्चा करना था, जो एनवीडिया के चिप खरीदने में आर्थिक रूप से सक्षम नहीं थीं।
रिपोर्ट के अनुसार, बैठक के दौरान हुआंग कमरे में टहलते हुए चर्चा कर रहे थे। इसी बीच उन्होंने कोलेट क्रेस की बात काट दी और उन्हें ‘डियर इन द हेडलाइट्स’ कहकर संबोधित किया। इस अंग्रेजी मुहावरे का अर्थ ऐसी स्थिति में घबरा जाना या अचानक कुछ समझ न पाना है।
हुआंग ने कथित तौर पर यह भी कहा था कि क्रेस केवल रिपोर्टिंग सीएफओ हैं, न कि ऐसी अधिकारी जो रणनीति बनाने या बड़े कारोबारी फैसले लेने में उनकी मदद कर सकें।
दामाद के कारोबार से जुड़े सौदों पर भी चर्चा
WSJ की रिपोर्ट के मुताबिक, एनवीडिया उन कंपनियों को वित्तीय सहायता देने पर विचार कर रही थी, जो उसके चिप खरीदने में सक्षम नहीं थीं। इनमें जेन्सेन हुआंग के दामाद निको कैप्रेज के नेतृत्व वाले सौदे भी शामिल थे।
कैप्रेज उभरती क्लाउड कंपनियों और डेटा सेंटर विकसित करने वाली कंपनियों को वित्तपोषण उपलब्ध कराने की पेशकश कर रहे थे। इसका उद्देश्य इन कंपनियों को लंबे समय तक एनवीडिया का ग्राहक बनाए रखना था।
OpenAI के साथ 250 अरब डॉलर की गारंटी पर विवाद
एनवीडिया ओहियो में एक विशाल डेटा सेंटर परियोजना को लेकर ओपनएआई (OpenAI) के साथ बातचीत कर रही थी। इस परियोजना को दुनिया के सबसे बड़े डेटा सेंटरों में से एक बनाने की योजना थी। ओपनएआई की योजना पूरी सुविधा को लीज पर लेने और उसमें लगभग 300 अरब डॉलर मूल्य के एनवीडिया चिप लगाने की थी।
रिपोर्ट के अनुसार, एनवीडिया से उम्मीद की जा रही थी कि वह ओपनएआई को कर्ज देने के लिए बैंकों को भरोसा दिलाने के उद्देश्य से वित्तीय गारंटी देगी। हालांकि, 250 अरब डॉलर की प्रस्तावित गारंटी की खबर सामने आने के बाद 26 जुलाई को एनवीडिया के शेयरों में करीब 5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
कोलेट क्रेस ने दोबारा बातचीत कर घटाई डील की रकम
WSJ के मुताबिक, एनवीडिया और ओपनएआई के बीच समझौता लगभग अंतिम चरण में था। इसी दौरान कोलेट क्रेस ने हस्तक्षेप किया और प्रस्तावित सौदे की शर्तों पर दोबारा बातचीत की।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि क्रेस ने एनवीडिया की शुरुआती वित्तीय प्रतिबद्धता को आधा कर दिया। इसके बाद 17 अगस्त को दोनों कंपनियों ने पहले के मुकाबले छोटे समझौते पर हस्ताक्षर किए।
इस घटनाक्रम ने कोलेट क्रेस की कारोबारी भूमिका और निर्णय लेने की क्षमता को चर्चा में ला दिया है। जिस अधिकारी को कभी रणनीतिक फैसलों में कमतर बताया गया था, अब वही एनवीडिया की अंतरिम कमान संभाल रही हैं।







