पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राज्य में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच एक बार फिर गठबंधन की संभावनाओं पर चर्चा शुरू हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स और राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के बीच शुक्रवार को अहम मुलाकात हो सकती है।
‘इंडिया टीवी’ की रिपोर्ट के अनुसार, इस संभावित बैठक को आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, दोनों नेताओं की मुलाकात को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सुखबीर बादल ने रद्द किए शुक्रवार के कार्यक्रम
सूत्रों ने ‘इंडिया टीवी’ को बताया कि सुखबीर सिंह बादल ने शुक्रवार के अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। इनमें शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की पूर्व अध्यक्ष बीबी जागीर कौर को पार्टी में शामिल करने का कार्यक्रम भी शामिल था।
हालांकि, अमित शाह और सुखबीर बादल के बीच प्रस्तावित मुलाकात का स्थान अभी स्पष्ट नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल भी शामिल हो सकते हैं। पाटिल पंजाब में भाजपा के चुनाव प्रभारी हैं।
कृषि कानूनों के विवाद के बाद अलग हुए थे BJP और SAD
भाजपा और अकाली दल के बीच गठबंधन पहले भी रहा है, लेकिन तीन विवादित कृषि कानूनों को लेकर दोनों दलों के बीच मतभेद पैदा हो गए थे। इसके बाद अकाली दल ने भाजपा से अपना गठबंधन तोड़ लिया था। बाद में केंद्र सरकार ने तीनों कृषि कानून वापस ले लिए थे।
2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। हालांकि, दोनों को करारी हार का सामना करना पड़ा। अकाली दल केवल तीन सीटें जीत सका, जबकि भाजपा के खाते में महज दो सीटें आईं।
इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भी दोनों दलों के दोबारा साथ आने की अटकलें लगाई गई थीं, लेकिन सीटों के बंटवारे और अन्य मुद्दों पर सहमति नहीं बनने के कारण दोनों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा।
AAP और कांग्रेस को रोकने के लिए गठबंधन के संकेत
हाल के दिनों में भाजपा और अकाली दल के नेताओं की ओर से ऐसे संकेत मिले हैं कि दोनों पार्टियां पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस को चुनौती देने के लिए फिर से एकजुट हो सकती हैं।
23 अक्टूबर को पत्रकारों से बातचीत के दौरान सुखबीर सिंह बादल ने भी गठबंधन की संभावनाओं पर संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था कि अकाली दल आम आदमी पार्टी और कांग्रेस को रोकने के लिए समान विचारधारा वाले दलों के साथ गठबंधन करने को तैयार है।
वहीं, भाजपा के कई नेताओं ने भी गठबंधन की संभावनाओं को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं। हालांकि, पार्टी का आधिकारिक रुख अब तक यही रहा है कि वह पंजाब में अपने दम पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी।
क्या 2027 में फिर साथ आएंगे BJP और अकाली दल?
पंजाब की राजनीति में भाजपा और अकाली दल का पुराना गठबंधन रहा है। ऐसे में दोनों दलों के फिर से साथ आने की संभावना आगामी चुनावों के समीकरण बदल सकती है। अब सबकी नजरें अमित शाह और सुखबीर बादल की संभावित मुलाकात पर टिकी हैं।
पंजाब में अगले विधानसभा चुनाव फरवरी या मार्च 2027 में होने की संभावना है। इसी दौरान उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भी विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में पंजाब में भाजपा और अकाली दल के बीच गठबंधन का फैसला राज्य की चुनावी राजनीति के लिहाज से बेहद अहम हो सकता है।







