प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि रबी सत्र 2026-27 के लिए फॉस्फेटिक और पोटाश (P&K) उर्वरकों पर पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (NBS) की दरों को मंजूरी देने के केंद्रीय मंत्रिमंडल के फैसले से किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे किसानों को उचित और किफायती कीमतों पर उर्वरक उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए कहा कि किसानों का हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण होने के बावजूद केंद्र सरकार किसानों का जीवन बेहतर बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।
रबी सत्र 2026-27 के लिए NBS सब्सिडी को मंजूरी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने रबी सत्र 2026-27 के लिए उर्वरकों पर पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (NBS) को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से अंतरराष्ट्रीय बाजार में उर्वरकों की कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव का सीधा असर किसानों पर नहीं पड़ेगा।
सरकार का प्रयास है कि किसानों को जरूरी उर्वरक उचित और किफायती दरों पर मिलते रहें, ताकि खेती की लागत को नियंत्रित रखने में मदद मिल सके।
सब्सिडी के लिए 62,370 करोड़ रुपये का बजट
रबी सत्र 2026-27 के लिए P&K उर्वरकों पर पोषक तत्व आधारित सब्सिडी की अनुमानित बजटीय जरूरत करीब 62,370.02 करोड़ रुपये रखी गई है।
यह राशि पिछले रबी सत्र की बजटीय जरूरत के मुकाबले करीब 24,417.73 करोड़ रुपये अधिक है। सरकार के इस फैसले का उद्देश्य किसानों को उर्वरकों की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय कीमतों से राहत देना और खेती के लिए जरूरी पोषक तत्वों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।







