National Thoughts Logo
National Thoughts
AWebPortalOfPositiveJournalism

अक्टूबर में भारत का वस्तु निर्यात 45% बढ़कर 49.47 अरब डॉलर पहुंचा

a
admin
14 नवंबर 2026 | 11:32 am IST
Featured Image

भारत के निर्यात क्षेत्र के लिए अक्टूबर 2026 का महीना शानदार रहा। देश का वस्तु निर्यात सालाना आधार पर करीब 45 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 49.47 अरब डॉलर पर पहुंच गया। वहीं, इस दौरान आयात भी बढ़कर 89.35 अरब डॉलर रहा। वाणिज्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है।

हालांकि, निर्यात में तेज वृद्धि के बीच व्यापार घाटे में भी सुधार दर्ज किया गया। अक्टूबर 2026 में भारत का वस्तु व्यापार घाटा घटकर 39.88 अरब डॉलर रह गया, जबकि अक्टूबर 2025 में यह 42.58 अरब डॉलर था। पिछले साल इसी महीने वस्तुओं का निर्यात 34.11 अरब डॉलर और आयात 76.69 अरब डॉलर रहा था।

सोने के आयात में आई बड़ी गिरावट

वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में सोने का आयात घटकर 5.51 अरब डॉलर रह गया, जबकि पिछले साल अक्टूबर में यह 14.72 अरब डॉलर था।

मंत्रालय ने बताया कि अक्टूबर में वस्तुओं के निर्यात में बढ़ोतरी के पीछे पेट्रोलियम उत्पाद, इलेक्ट्रॉनिक सामान, रत्न एवं आभूषण, जैविक और अजैविक रसायन तथा इंजीनियरिंग सामान की प्रमुख भूमिका रही।

अप्रैल-अक्टूबर में वस्तु निर्यात 21.96% बढ़ा

चालू वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर के दौरान भारत का कुल वस्तु निर्यात 309.06 अरब डॉलर रहा। यह पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के 253.40 अरब डॉलर के मुकाबले 21.96 प्रतिशत अधिक है।

वहीं, अक्टूबर 2026 में सेवाओं का निर्यात अनुमानित 40.51 अरब डॉलर रहा, जबकि अक्टूबर 2025 में यह 35.17 अरब डॉलर था। इस दौरान सेवाओं का आयात भी बढ़कर 20.72 अरब डॉलर रहने का अनुमान है, जो पिछले साल इसी महीने में 17.73 अरब डॉलर था।

वस्तुओं और सेवाओं का कुल निर्यात रिकॉर्ड 89.99 अरब डॉलर

वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने बताया कि अक्टूबर 2026 में वस्तुओं और सेवाओं का संयुक्त निर्यात बढ़कर अब तक के सबसे ऊंचे मासिक स्तर 89.99 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इस दौरान कुल व्यापार घाटा घटकर 20.09 अरब डॉलर रह गया।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि अक्टूबर में वस्तुओं का निर्यात रिकॉर्ड 49.47 अरब डॉलर दर्ज किया गया।

अग्रवाल ने कहा, “यह अब तक का सबसे अधिक मासिक वस्तु निर्यात है। साथ ही, पिछले पांच साल में 45.06 प्रतिशत की यह सबसे अधिक मासिक वृद्धि है।”

उन्होंने आगे बताया कि किसी भी महीने में भारत का कुल निर्यात इससे पहले 89.99 अरब डॉलर तक नहीं पहुंचा था। पिछले पांच वर्षों में 29.9 प्रतिशत की यह तीसरी सबसे अधिक मासिक वृद्धि दर भी है।

50 प्रमुख निर्यात बाजारों में से 43 में बढ़ोतरी

वाणिज्य सचिव ने कहा कि अक्टूबर में निर्यात में हुई बढ़ोतरी किसी एक क्षेत्र या भौगोलिक इलाके तक सीमित नहीं रही, बल्कि विभिन्न देशों और बाजारों में इसका व्यापक असर देखने को मिला।

उन्होंने बताया कि अक्टूबर 2026 में भारत के 50 प्रमुख निर्यात बाजारों में से 43 में अक्टूबर 2025 की तुलना में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई।

यह आंकड़ा भारतीय निर्यातकों की वैश्विक बाजारों में मजबूत स्थिति और बदलती व्यापार परिस्थितियों के बीच नए अवसरों का लाभ उठाने की क्षमता को दर्शाता है।

अप्रैल-अक्टूबर में कुल निर्यात 568.84 अरब डॉलर

वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर के दौरान भारत का कुल निर्यात (वस्तु और सेवाएं) अनुमानित 568.84 अरब डॉलर रहा। यह पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 16.66 प्रतिशत अधिक है।

इसी अवधि में देश का कुल आयात 16 प्रतिशत बढ़कर अनुमानित 662.19 अरब डॉलर रहा।

फियो ने निर्यात वृद्धि को बताया उत्साहजनक

निर्यातकों के प्रमुख संगठन फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन (FIEO) के अध्यक्ष एससी रल्हन ने अक्टूबर के निर्यात आंकड़ों को उत्साहजनक बताया।

उन्होंने कहा कि निर्यात में वृद्धि की रफ्तार और विभिन्न देशों में भारतीय उत्पादों की बढ़ती पहुंच, दोनों ही सकारात्मक संकेत हैं। शीर्ष 50 निर्यात बाजारों में से 43 में वृद्धि दर्ज होना भारतीय निर्यातकों की मजबूती को दर्शाता है।

फियो के मुताबिक, अक्टूबर में इंजीनियरिंग सामान, पेट्रोलियम उत्पाद, इलेक्ट्रॉनिक सामान, रसायन, दवाएं एवं औषधियां, रत्न एवं आभूषण, कपड़ा एवं परिधान, चावल तथा प्लास्टिक और लिनोलियम के निर्यात में बढ़ोतरी ने देश के कुल निर्यात को मजबूती दी।