फैशन की दुनिया में ग्लैमर, स्टाइल और नए ट्रेंड्स की भरमार है, लेकिन किसी फैशन आइडिया को सफल बिजनेस में बदलना आसान नहीं होता। इसी चुनौती और उद्यमिता के सफर को दिखाने के लिए ‘पिच टू गेट रिच’ अपने दूसरे सीजन के साथ वापसी कर रहा है। FEF स्टूडियोज द्वारा निर्मित इस शो में इस बार 20 फाउंडर्स अपने फैशन ब्रांड्स और बिजनेस आइडियाज के साथ निवेशकों के सामने अपनी पिच पेश करेंगे। खास बात यह है कि नए सीजन में 100 करोड़ रुपये का निवेश पूल भी रखा गया है। शो का प्रीमियर 4 दिसंबर 2026 को जियोहॉटस्टार पर होगा।
20 फैशन ब्रांड्स के बीच होगा मुकाबला
इस सीजन में फैशन और एंटरप्रेन्योरशिप का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। यहां सिर्फ आकर्षक डिजाइन और शानदार कपड़े ही सफलता की गारंटी नहीं होंगे, बल्कि फाउंडर्स को अपनी बिजनेस रणनीति, बाजार की समझ और भविष्य की योजनाओं से भी निवेशकों को प्रभावित करना होगा।
इस बार शो में सीएचक, बीगली, एक्सुड, शेकज़्ज़ार, अक्टूबर जयपुर, नैमिश, खादीवाला डिजाइनर, फैश चैट, फरक, सूप बाय सौगत पॉल, सी, मालिशियस, कॉन्ट्रास्ट बाय पार्थ, मिस्टेल, दिशी, असुका, ऊर्फी क्रिएशन्स, एलिफेरियोस, ब्लिंग एम्पायर और टर्म्ज जैसे 20 ब्रांड हिस्सा लेंगे।
हर ब्रांड की अपनी अलग कहानी, पहचान और बाजार में आगे बढ़ने की रणनीति है। ऐसे में दर्शकों को फैशन बिजनेस की दुनिया के कई नए पहलुओं को करीब से जानने का मौका मिलेगा।
अक्षय कुमार से करण जौहर तक, दिखेंगे कई बड़े चेहरे
शो की एक बड़ी खासियत इसमें शामिल होने वाले सेलिब्रिटी और इंडस्ट्री के चर्चित चेहरे हैं। इस सीजन में अक्षय कुमार, मलाइका अरोड़ा, करण जौहर, अश्नीर ग्रोवर, शालिनी पासी, मसाबा गुप्ता और जीनत अमान जैसे नाम नजर आएंगे।
अभिनेता अक्षय कुमार का मानना है कि अच्छा फैशन सेंस होना और एक मजबूत बिजनेस खड़ा करना दो अलग-अलग बातें हैं। किसी आइडिया को निवेशकों के सामने प्रभावी तरीके से पेश करना और उन्हें उस पर भरोसा दिलाना अपने आप में बड़ी चुनौती है।
वहीं, फैशन एंटरप्रेन्योर फंड के संस्थापक संजय निगम के मुताबिक, इस सीजन का उद्देश्य सिर्फ अच्छे बिजनेस आइडियाज तलाशना नहीं, बल्कि भारतीय फैशन इंडस्ट्री की अगली बड़ी पहचान को सामने लाना भी है।
100 करोड़ के निवेश पूल से बढ़ेगा रोमांच
शो के टीजर से साफ है कि इस बार मुकाबला सिर्फ डिजाइन और स्टाइल तक सीमित नहीं रहने वाला है। हर फाउंडर को अपने ब्रांड की खासियत, बिजनेस मॉडल और भविष्य में उसके विस्तार की संभावनाओं को मजबूती से पेश करना होगा।
100 करोड़ रुपये के निवेश पूल ने इस मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। दर्शक देख सकेंगे कि कौन-सा फाउंडर अपनी शानदार पिच और बिजनेस रणनीति से निवेशकों का भरोसा जीतने में सफल होता है। साथ ही यह भी सामने आएगा कि किस ब्रांड में एक छोटे फैशन लेबल से बड़ा बिजनेस बनने की क्षमता है।
कब और कहां देखें ‘पिच टू गेट रिच’ सीजन 2?
‘पिच टू गेट रिच’ का दूसरा सीजन उन फैशन उद्यमियों की कहानियों को सामने लाएगा, जो अपने आइडिया और मेहनत के दम पर ब्रांड को नई पहचान दिलाना चाहते हैं। इसमें ग्लैमर के साथ बिजनेस स्ट्रेटजी, नए प्रयोग और बड़े सपनों की झलक देखने को मिलेगी।
शो का प्रीमियर 4 दिसंबर 2026 को जियोहॉटस्टार पर होगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि 20 फाउंडर्स में से कौन निवेशकों को सबसे ज्यादा प्रभावित करता है और किसके फैशन ब्रांड को बड़ी सफलता मिलती है।







