गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर हुई खौफनाक हिट-एंड-रन घटना ने दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर महिलाओं की सुरक्षा और बढ़ते रोड रेज को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रविवार सुबह राइड के दौरान एक तेज रफ्तार सेडान कार ने सुपरबाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें महिला बाइकर सिया घायल हो गईं।
घटना के बाद आरोपी कल्याण बैंसला ने एक टीवी इंटरव्यू में खुद को निर्दोष बताते हुए हादसे पर अफसोस जताया। इसके बाद सिया ने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर आरोपी के दावों को खारिज किया और तीखा पलटवार किया।
‘अगर चिंता थी तो मौके पर रुकते’
इंडिया टुडे टीवी को दिए इंटरव्यू में बैंसला ने दावा किया कि उसने जानबूझकर बाइक को टक्कर नहीं मारी और उसे सिया के लिए बुरा लग रहा है।
इस पर सिया ने कहा कि अगर आरोपी को वास्तव में उनकी चिंता थी, तो उसे मौके से भागने के बजाय रुककर उनकी मदद करनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि सहानुभूति हासिल करने की कोशिश आरोपी को शोभा नहीं देती।
बाइकर्स की स्पीड बदलने के दावे पर जवाब
बैंसला ने दावा किया कि घटना के समय वहां 20 से ज्यादा बाइकर्स मौजूद थे और वे बार-बार अपनी स्पीड बदल रहे थे। उसने यह भी आरोप लगाया कि बाइकर्स ने उसे परेशान किया और उसे पता नहीं था कि बाइक सिया चला रही थीं।
सिया ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि भले ही आरोपी को लगा हो कि बाइकर्स की गति बदल रही है, लेकिन इससे उसे सड़क पर उनका पीछा करने या उनके साथ इस तरह की हरकत करने का अधिकार नहीं मिल जाता।
‘उसे पता था कि बाइक मैं चला रही थी’
सिया ने बैंसला के इस दावे को भी झूठ बताया कि उसे पता नहीं था कि बाइक एक महिला चला रही थी।
उन्होंने कहा कि आरोपी ने पीछे से उनकी चोटी देखी थी, इसके बाद उनका पीछा किया और उन्हें गाड़ी रोकने के लिए कहा। सिया के मुताबिक, इन परिस्थितियों में आरोपी का यह कहना कि उसे नहीं पता था कि बाइक कौन चला रहा था, सही नहीं है।
CCTV फुटेज को लेकर भी आमने-सामने दावे
बैंसला ने वायरल CCTV फुटेज पर सवाल उठाते हुए कहा कि वीडियो में घटना का पूरा क्रम सामने नहीं आता। उसने वीडियो की संख्या और पीड़िता के दोस्त की पहचान को लेकर भी सवाल उठाए।
इसके जवाब में सिया ने कहा कि उपलब्ध वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कार ने उनकी बाइक को टक्कर मारी और इसके बाद आरोपी मौके से चला गया।
सिया के मुताबिक, एक वीडियो में कार को पहली लेन से तीसरी लेन की ओर जाते हुए, उनकी बाइक को टक्कर मारते और फिर वहां से निकलते देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि एक अन्य वीडियो में भी कार के लेन बदलने और बाइक को टक्कर मारने की घटना दिखाई देती है।
‘मैं मौके पर ही मर सकती थी’
सिया ने बताया कि टक्कर के बाद वह गिर गई थीं और कार के नीचे घसीटी गईं। उन्होंने कहा कि अगर कुछ सेकंड की भी देरी होती, तो चोटें और गंभीर हो सकती थीं और कई हड्डियां टूट सकती थीं।
उन्होंने कहा कि इस घटना में उनकी जान भी जा सकती थी। सिया का आरोप है कि हादसे के बाद आरोपी ने रुककर यह तक देखने की कोशिश नहीं की कि वह जीवित हैं या उन्हें कितनी चोट लगी है।
महिलाओं की सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
सिया ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से महिलाओं में गुरुग्राम और दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर असुरक्षा की भावना बढ़ती है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे मामलों में लोगों को यह समझना चाहिए कि सड़क पर की गई लापरवाही किसी की जान तक ले सकती है।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना रविवार सुबह गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर हुई, जब सिया अपने साथी बाइकर्स के साथ राइड पर थीं। आरोप है कि सफेद सेडान कार ने उनकी सुपरबाइक को टक्कर मार दी, जिसके बाद वह घायल हो गईं।
पूरी घटना बाइक पर लगे एक्शन कैमरे में रिकॉर्ड हो गई और बाद में इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले का संज्ञान लेते हुए गुरुग्राम पुलिस ने एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







