National Thoughts Logo
National Thoughts
AWebPortalOfPositiveJournalism

अमृतसर एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट, संदिग्ध ड्रोन से हड़कंप

a
admin
07 सितंबर 2026 को 06:22 am बजे
Featured Image

पंजाब के अमृतसर स्थित श्री गुरु राम दास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार रात संदिग्ध ड्रोन देखे जाने के बाद हड़कंप मच गया। एयरपोर्ट के अति-संवेदनशील ऑपरेशनल एरिया और रनवे के आसपास दो से चार संदिग्ध ड्रोन मंडराते दिखाई दिए। घटना के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने रात करीब 10 बजे हाई अलर्ट जारी कर दिया।

रनवे के आसपास मंडराते दिखे संदिग्ध ड्रोन

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, संदिग्ध उड़ने वाली वस्तुएं राजाला गांव की दिशा से एयरपोर्ट परिसर की ओर आती हुई दिखाई दीं। कुछ मिनटों तक ये ड्रोन रनवे और आसपास के संवेदनशील इलाकों के ऊपर मंडराते रहे।

संदिग्ध गतिविधि के चलते एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल सतर्क कर दिया गया। रनवे के आसपास ड्रोन की मौजूदगी को हवाई यातायात की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा माना गया।

सात फ्लाइट्स का रूट बदला गया

सुरक्षा के मद्देनजर अमृतसर आने वाली सात फ्लाइट्स का रूट बदल दिया गया। इनमें से कुछ विमानों को दिल्ली और कुछ को चंडीगढ़ भेजा गया।

प्रभावित उड़ानों में शामिल हैं:

मलेशिया एयरलाइंस MH-118: कुआलालंपुर से अमृतसर, दिल्ली भेजा गया।

इंडिगो 6E-5028: मुंबई से अमृतसर, चंडीगढ़ भेजा गया।

इंडिगो 6E-2045: दिल्ली से अमृतसर, चंडीगढ़ भेजा गया।

एयर इंडिया AI-479: दिल्ली से अमृतसर, दिल्ली भेजा गया।

एयर इंडिया AI-855: दिल्ली से अमृतसर, दिल्ली वापस भेजा गया।

इंडिगो 6E-1428: शारजाह से अमृतसर, दिल्ली भेजा गया।

एयर इंडिया एक्सप्रेस IX-138: शारजाह से अमृतसर, दिल्ली भेजा गया।

भारत-पाकिस्तान बॉर्डर के करीब है अमृतसर एयरपोर्ट

श्री गुरु राम दास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट अमृतसर शहर के केंद्र से उत्तर-पश्चिम में करीब 11 किलोमीटर दूर राजा सांसी क्षेत्र में स्थित है। यह पंजाब का प्रमुख और व्यस्त एयरपोर्ट है।

एयरपोर्ट का नाम सिखों के चौथे गुरु और अमृतसर के संस्थापक गुरु राम दास के नाम पर रखा गया है। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के करीब स्थित होने के कारण एयरपोर्ट की सुरक्षा रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है।

LoC के पास भी देखे गए थे संदिग्ध ड्रोन

इससे पहले अगस्त में जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में भी पाकिस्तानी ड्रोन की संदिग्ध गतिविधि सामने आने की जानकारी मिली थी। सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, नौशेरा सेक्टर के रुमलिधारा इलाके के पास करीब सुबह 8:05 बजे तीन ड्रोन भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रवेश करते दिखाई दिए थे।

भारतीय सेना ने सक्रिय किया काउंटर-ड्रोन सिस्टम

बताया गया कि 22वीं जम्मू-कश्मीर राइफल्स (JAK RIF) के जवानों ने ड्रोन को देखते ही काउंटर-ड्रोन सिस्टम सक्रिय कर दिया। इसके बाद तीनों ड्रोन सीमा पार वापस लौट गए।

एहतियात के तौर पर इलाके में सर्च ऑपरेशन भी शुरू किया गया था। सुरक्षा एजेंसियां ड्रोन गतिविधियों को लेकर लगातार सतर्कता बरत रही हैं।