असम के काजीरंगा में शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले 26 लोगों के शवों का शनिवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। राज्य के मंत्री रानोज पेगू ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में घायल 18 लोगों में से सात की हालत गंभीर बनी हुई है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंत्री पेगू को घटनास्थल और घायलों का इलाज कर रहे अस्पतालों का दौरा करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री भी शनिवार को गोलाघाट जिले में मृतकों के परिजनों और अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात करेंगे।
कैसे हुआ भीषण सड़क हादसा?
काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-715 पर रंगाजान में शुक्रवार को एक मिनीबस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में 26 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 लोग घायल हो गए। मृतकों में कई कॉलेज के छात्र भी शामिल थे, जो कक्षाएं समाप्त होने के बाद अपने घर लौट रहे थे।
अस्पताल में होगा शवों का पोस्टमार्टम
मंत्री रानोज पेगू ने पत्रकारों को बताया कि मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम गोलाघाट के स्वाहिद कुशल कोंवर सिविल अस्पताल में किया जाएगा। इसके बाद शवों को एम्बुलेंस के जरिए उनके घर पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि हादसे में घायल 20 लोगों को जोरहाट और गोलाघाट के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया था, जिनमें से दो की इलाज के दौरान मौत हो गई। शेष 18 घायलों में से सात जोरहाट मेडिकल कॉलेज अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती हैं। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य 11 घायलों की स्थिति स्थिर है।
घायलों के इलाज का खर्च उठाएगी सरकार
मंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार सभी घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाएगी। यदि किसी घायल को बेहतर उपचार के लिए दूसरे विशेष अस्पताल में स्थानांतरित करने की आवश्यकता पड़ती है, तो सरकार इसकी भी व्यवस्था करेगी।
घायलों के उपचार और शवों के पोस्टमार्टम में सहायता के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल और डिब्रूगढ़ के असम मेडिकल कॉलेज अस्पताल से चिकित्सकों की टीमें जोरहाट और गोलाघाट पहुंच गई हैं।
हादसे की जांच में जुटा प्रशासन
मंत्री रानोज पेगू ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। यदि कोई व्यक्ति गति सीमा या यातायात नियमों का उल्लंघन करने का दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गोलाघाट जिला प्रशासन के अनुसार, विस्तृत जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि क्या दोनों वाहनों में से किसी ने यातायात नियमों का उल्लंघन किया था। इसके अलावा वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने और काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास तय गति सीमा का पालन करने जैसे पहलुओं की भी जांच होगी।
राजमार्ग पर गति सीमा और कैमरों की व्यवस्था
करीब 60 किलोमीटर लंबे इस राजमार्ग पर वाहनों की रफ्तार को नियंत्रित करने के लिए विशेष प्रतिबंध लागू हैं। वन्यजीवों के आवागमन के लिए चिह्नित गलियारों में अधिकतम गति सीमा 20 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है। इसके अलावा वाहनों की गति पर नजर रखने के लिए राजमार्ग पर नियमित दूरी पर कैमरे भी लगाए गए हैं।
दुर्घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए गुवाहाटी से फॉरेंसिक विशेषज्ञों की एक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची है।
मृतकों में एक ही परिवार की तीन बहनें शामिल
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले 26 लोगों में एक ही परिवार की तीन बहनें भी शामिल हैं। मिनीबस गोलाघाट से नगांव की ओर जा रही थी, जबकि कंटेनर ट्रक तेजपुर से डिब्रूगढ़ जा रहा था।
हादसे में मामूली रूप से घायल ट्रक चालक ने दावा किया कि मिनीबस अपनी लेन छोड़कर उसके वाहन की ओर आ गई थी और तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। वहीं, मिनीबस के चालक और उसके सहायक की दुर्घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
अस्पताल में भर्ती शिशु के परिजनों की तलाश
इस हादसे के बीच एक और चिंताजनक जानकारी सामने आई है। गोलाघाट के एक अस्पताल में एक शिशु का इलाज चल रहा है, लेकिन अब तक उसके अभिभावकों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन बच्चे के परिजनों की पहचान करने का प्रयास कर रहा है।







